नई दिल्ली : कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में भारत ने आज एक नई इबारत लिख दी है। जिससे देश कोरोना के खिलाफ जंग में और सुदृढ़ हो गया है। आपको बता दें कि आज सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर देश में कोरोना वैक्सीन के 100 करोड़ वैक्सीनेशन का आंकड़ा पूरा हो गया है। बता दें कि इस लक्ष्य को लेकर सरकार ने खास तैयारियां की है।
इस लक्ष्य को पाने को लेकर ट्रेन, प्लेन और जहाजों पर लाउडस्पीकर से घोषणा करने की योजना है। साथ ही 100% वैक्सीनेशन पूरा कर चुके गांवों से कहा गया है कि उन्हें पोस्टर और बैनर लगाकर हेल्थ वर्कर्स का सम्मान करना चाहिए। वहीं 100 करोड़ डोज पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे। वे यहां करीब 20 मिनट रहे। इस दौरान उन्होंने हेल्थकेयर वर्कर्स से भी बात की।
Congratulations to the people&healthcare workers of India. It’s remarkable to reach 1 billion dose mark for any nation,an achievement in just over 9 months since the vaccination program started in India: Dr VK Paul, Member-Health,NITI Aayog on India crossing 100 crore vaccination pic.twitter.com/k9VMkf0OlY
— ANI (@ANI) October 21, 2021
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वीके पॉल ने कोरोना वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े को पार करने पर भारत के लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के लिए 100 करोड़ खुराक के आंकड़े तक पहुंचना बहुत बड़ी उपलब्धि है। भारत ने टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने के बाद से केवल 9 महीनों में यह उपलब्धि हासिल कर ली है. ।
आपको बता दें कि 100 करोड़ डोज पूरे होने के जश्न के सिलसिले में स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया आज एक गाना और एक फिल्म भी लॉन्च करेंगे। ये कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे लाल किले पर रखा गया है। बताया जा रहा है कि इस गाने में गाना कैलाश खेर ने आवाज दी है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक लाल किले पर 1400 किलो का देश का सबसे बड़ा तिरंगा लगाने की भी उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि BJP नेताओं को भी वैक्सीनेशन सेंटर्स पर जाकर हेल्थ वर्कर्स का सम्मान करने के लिए कहा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद, महासचिव अरुण सिंह कोयंबटूर और महासचिव दुष्यंत गौतम लखनऊ जाएंगें।
अब तक कैसी रही वैक्सीनेशन की रफ्तार?
देश में 16 जनवरी से वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई। शुरुआती 20 करोड़ वैक्सीन डोज 131 दिन में लगे। अगले 20 करोड़ डोज 52 दिन में दिए गए। 40 से 60 करोड़ डोज देने में 39 दिन लगे। 60 करोड़ से 80 करोड़ डोज देने में सबसे कम, महज 24 दिन लगे।
अब 80 करोड़ से 100 करोड़ होने में 31 दिन लगे हैं। यानी अब रफ्तार कम हो गई है। अगर इसी रफ्तार से वैक्सीनेशन होता रहा तो देश में 216 करोड़ वैक्सीन डोज लगने में करीब 175 दिन और लगेंगे। यानी, 5 अप्रैल 2022 के आसपास ये आंकड़ा हम पार कर सकते हैं।
मास्क फ्री होने के लिए अभी करना होगा इंतजार
हमने भले ही 100 करोड़ डोज लगाने के करीब हैं, लेकिन देश की महज 20% आबादी ही पूरी तरह वैक्सीनेट हुई है। 29% आबादी को वैक्सीन की एक डोज दी जा चुकी है। ऐसे में मास्क फ्री होने के लिए हमें अभी इंतजार करना होगा।
महामारी एक्सपर्ट डॉक्टर चंद्रकांत लहारिया कहते हैं कि जब तक 85% आबादी पूरी तरह वैक्सीनेट नहीं हो जाती तब तक ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। जिन देशों में मास्क से छूट दी गई है वहां जनसंख्या घनत्व भारत की तुलना में काफी कम है। ऐसे में हमें अपनी जरूरतों को हिसाब से ही फैसला लेना चाहिए।
ब्रोकरेज फर्म यश सिक्योरिटीज की एक रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी तक देश की 60 से 70% आबादी पूरी तरह वैक्सीनेटेड हो जाएगी। इस वक्त तक भारत हर्ड इम्यूनिटी को अचीव कर लेगा। इसके बाद लोगों को मास्क नहीं लगाने की पूरी तरह छूट मिल सकती है। कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है कि मास्क से पूरी तरह से आजादी के लिए हमें अभी कम से कम 6 से 8 महीने और इंतजार करना होगा।