नई दिल्ली : आयकर विभाग की टीम ने गुजरात के दो नामी ग्रुप्स पर छापेमारी कर पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। आपको बता दें कि इस कार्रवाई में विभाग ने 40 जगहों पर छापेमारी की। वहीं आयकर विभाग अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली समेत कई शहरों में जांच कर रहा है। बता दें कि आईटी डिपार्टमेंट ने अहमदाबाद में एक साथ 25 जगहों पर छापेमारी की।
अगर हम गुजरात के दो ग्रुपों की बात करें तो, वो दो नामी ग्रुप्स एस्ट्रल (Astral) और रत्नामणि मेटल्स है। जिसके खिलाफ आयकर विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बता दें कि एस्ट्रल पाइप के चेयरमैन संदीप (Sandeep) के ठिकानों पर जांच जारी है। रत्नामणि मेटल्स के चेयरमैन प्रकाश सांघवी (Prakash Sanghvi) के ठिकानों पर भी छापा मारा गया है। इन दोनों कंपनियों के अन्य निदेशकों की भी जांच हो रही है।
आपको बता दें कि गुजरात के बाहर 15 जगहों पर सर्वे और छापेमारी चल रही है। इस छापेमारी में 150 से ज्यादा आयकर अधिकारी शामिल हैं। गौरतलब है कि दोनों कंपनियों से जुड़े बड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। बहुत सारे गुमनाम लेन-देन के दस्तावेजों के मिलने की आशंका है।
आयकर विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी
बता दें कि इससे पहले 18 नवंबर को आयकर विभाग ने केमिकल का निर्माण और रियल एस्टेट का काम करने वाली गुजरात की एक कंपनी पर छापेमारी के बाद 100 करोड़ रुपये की बेहिसाबी आय का पता लगाया था। ये छापेमारी वापी, सरीगाम, सिलवासा और मुंबई में स्थित 20 से ज्यादा ठिकानों पर की गई थी।
छापेमारी में मिले कई अहम दस्तावेज
सीबीडीटी ने एक बयान में कहा कि ग्रुप की बेहिसाबी आय और संपत्ति में उनके निवेश को दर्शाने वाले दस्तावेज, डायरी में दर्ज डिटेल्स और डिजिटल आंकड़े के रूप में आपत्तिजनक सबूत जब्त किए गए। आयकर विभाग ने कहा कि अचल संपत्तियों और कार के लिए लोन में निवेश और नकदी लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी अधिकारियों ने जब्त किए। साथ ही बताया कि छापेमारी के दौरान 2.5 करोड़ रुपये नकद और एक करोड़ रुपये के ज्वेलरी भी जब्त की गई जबकि 16 बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगाई गई।