गुना जिले के मक्सूदनगढ़ क्षेत्र में स्थित गुलमोहर वेयरहाउस के सोसाइटी केंद्र पर किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। किसानों का आरोप है कि केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और उन्हें कई दिनों तक भूखे-प्यासे रहकर अपनी फसल की तुलाई का इंतजार करना पड़ रहा है।
किसानों के मुताबिक वे पिछले 8 से 10 दिनों से सोसाइटी केंद्र पर डटे हुए हैं, लेकिन अब तक उनका अनाज नहीं तौला गया। केंद्र पर न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही किसानों के रुकने के लिए कोई सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इसके अलावा किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र पर तैनात कर्मचारी तुलाई के नाम पर किसानों का अनाज काट रहे हैं और मनमानी कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि तुलाई प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर मक्सूदनगढ़ तहसीलदार गुलमोहर वेयरहाउस स्थित सोसाइटी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से तहसीलदार को अवगत कराया। हालांकि मौके पर मौजूद कर्मचारियों के रवैये को लेकर भी सवाल उठे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसाइटी केंद्र के कर्मचारी प्रशासनिक अधिकारियों पर भी भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं और अब देखना यह होगा कि शिकायतों के बाद जिम्मेदार कर्मचारियों पर कोई ठोस कार्रवाई होती है या नहीं।

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि केंद्रों पर सुविधाएं बढ़ाई जाएं, तुलाई प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।