बड़वानी: शहर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित बृज विहार कॉलोनी में पिछले 15 से 20 दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। कॉलोनी के करीब 300 से 400 घरों में रहने वाली लगभग 1000 की आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। रहवासियों के मुताबिक चैंबर लाइन के कारण पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों में गंदा पानी पहुंच रहा था। समस्या सामने आने के बाद नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू किया है।
खबर के बाद मौके पर पहुंची नपा की टीम
बृज विहार में पेयजल संकट की खबर सामने आने के बाद नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य शुरू किया। हालांकि रहवासियों का कहना है कि मरम्मत कार्य की गति धीमी है। फिलहाल पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लोगों को निजी टैंकर और नगर पालिका के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
गेंती-फावड़े से हो रही पाइपलाइन की खुदाई
नगर पालिका के वालमैन फारुख शेख के मुताबिक चैंबर के ओवरफ्लो होने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। पाइपलाइन को और नुकसान न पहुंचे, इसलिए मशीन के बजाय गेंती और फावड़े से हाथों से खुदाई की जा रही है। करीब तीन कर्मचारी इस काम में जुटे हैं।
वालमैन के अनुसार मुख्य लाइन से चार ऑपरेट कनेक्शन गए हैं और इन्हीं कनेक्शनों को चेक कर यह पता लगाया जा रहा है कि गंदा पानी पेयजल लाइन में कहां से मिल रहा है। मरम्मत कार्य पूरा होने में करीब दो से तीन दिन लगने की संभावना जताई गई है। तब तक पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकरों की मदद ली जा रही है।
सीवरेज कंपनी की भूमिका पर सवाल
रहवासियों ने सीवरेज लाइन और चैंबर निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि चैंबर लाइन की समस्या के कारण पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई और सड़कों पर पानी ओवरफ्लो होने से गंदगी फैल रही है। इससे घरों में कीचड़ पहुंचने और बीमारी का खतरा बढ़ने की बात भी रहवासियों ने कही है।वहीं, वालमैन फारुख शेख के अनुसार मौके पर सीवरेज कंपनी के कर्मचारी मौजूद नहीं हैं। उनके मुताबिक कंपनी की ओर से कहा जा रहा है कि संबंधित काम उसके द्वारा नहीं किया गया। ऐसे में पेयजल समस्या का तत्काल समाधान नगर पालिका के स्तर पर किया जा रहा है।
टैंकर के भरोसे पेयजल आपूर्ति
बृज विहार निवासी धर्मेंद्र धनगर ने बताया कि करीब 300 से 400 घरों की लगभग 1000 की आबादी पेयजल संकट से प्रभावित है। फिलहाल नगर पालिका के टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खबर सामने आने के बाद टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू हुआ, लेकिन काम की गति को लेकर रहवासियों में चिंता बनी हुई है।अब लोगों की नजर इस बात पर है कि पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत कब पूरी होती है और बृज विहार में नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति कब बहाल हो पाती है।