नई दिल्ली : पिछले दिनों मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के पास जिलेटिन से भरी स्कॉर्पियों बरामद हुई थी। जिसने पूरे मुंबई में दहशत फैला रखा था। जिसे लेकर मुंबई पुलिस भी लगातार छानबीन कर रही थी। लेकिन अब इसी मामले में आज यानी 5 मार्च को स्कॉर्पियों के मालिक मनसुख हिरेन का शव बरामद हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक जांच में पता चला है कि गाड़ी के मालिक ने खुदकुशी की है, जिनका शव कलवा इलाके में मिला है।
आपको बता दें कि मनसुख हिरेन का ठाणे में कार डेकोर का बिज़नेस है, जो सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा लेते थे। वहीं इनकी पत्नी विमला हिरेन भी एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। बता दें कि हिरेन की इस सुसाइड भरी खबर को लेकर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव सरकार बड़ा हमला किया है। फडणवीस ने कहा कि वह पूरे मामले में अहम कड़ी थे। मैंने मांग भी की थी कि उन्हें तत्काल प्रभाव से सुरक्षा दी जानी चाहिए। यह पूरा मामला पेचीदा नजर आ रहा है। लिहाजा इस पूरे मामले की जांच एनआईए को सौंप देनी चाहिए। यही मांग कुछ देर पहले मैंने विधानसभा में भी की है।
बता दें कि मुकेश अंबानी के घर के बाहर कार में मिले विस्फोटक के मामले में मुंबई पुलिस की जांच पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आज ही विधानसभा में इस पूरे मामले की जांच NIA से कराने की मांग की है। फडणवीस ने सवाल पूछा कि इस पूरे मामले की जांच जिस अधिकारी को सौंपी गई थी, उसे कुछ दिनों पहले हटा दिया गया. ऐसा क्यों हुआ?
गौरतलब है कि 25 फरवरी की शाम को रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख अंबानी के बहुमंजिला आवास ‘एंटीलिया’ के निकट एक एसयूवी (स्कार्पियो) में 2.5 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें (विस्फोटक सामग्री) बरामद हुई थीं। इसके साथ ही एसयूवी से एक पत्र भी मिला था जिसमें कथित तौर पर अंबानी और उनके परिवार को धमकी दी गई थी। पुलिस ने अभी तक की जांच में किसी भी तरह के आतंकी कोण को खारिज किया है।