नए कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार और आंदोलनकारी किसानों के बीच आज 10वें दौर की वार्ता होगी। पहले यह वार्ता मंगलवार को होनी थी, लेकिन इसे टाल दिया गया। बैठक दोपहर दो बजे से विज्ञान भवन में होगी।
इस बीच नेता और कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार किसान आंदोलन को लेकर किसानों के समर्थन में आगे आए हैं। कृषि कानूनों को लेकर केंद्र पर हमला बोलते हुए उन्होंने किसानों के समर्थन में कई बयान दिए हैं।
कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने कहा है कि मुझे कई फोन आए कि कर्नाटक के अन्य जिलों से बेंगलुरु आने वाले किसानों को पुलिस द्वारा रोका जा रहा है और उन्हें बेंगलुरु आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मैं किसानों से आग्रह करता हूं कि वे जहां भी हों, राजमार्गों, सड़कों को अवरुद्ध करें और किसानों के समर्थन में विरोध करें।
इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर भी हमला बोला। डीके शिवकुमार ने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि मुझे पता है कि बीजेपी सरकार किसानों को किसी भी कीमत पर रोकने की कोशिश कर रही है और उन्हें विरोध प्रदर्शन में भाग नहीं लेने दे रही है। मैं प्रदर्शनकारियों से सांगोली रायना प्रतिमा पर आने और भारी विरोध रैली में भाग लेने का अनुरोध करता हूं।
बता दें कि किसान 26 नवंबर से ही तीनों नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान आंदोलन को लेकर अब तीन महीने होने वाले है। किसान की मांग है कि सरकार अपने तीनों कृषि कानून को वापस ले लें।
इसलिए किसान तीनों कानूनों की वापसी के मांग पर अड़े हुए हैं। उनके इस आंदलोन को लेकर देश के कई पोलिटिकल पार्टी उनके समर्थन में है। देश की कई बड़ी पोलिटिकल पार्टी भी इस कानून को वापस लेने की मांग कर रही है।
वहीं, दूसरी ओर केंद्र सरकार नए कानूनों को किसानों के लिए हितकारी बता रही है और गतिरोध को बातचीत के माध्यम से सुलझाना चाहती है। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच अब तक नौ दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक कुछ हासिल नहीं हुआ है।