भोपाल: मध्य प्रदेश भोपाल नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य के मुद्दे पर कांग्रेस ने भोपाल में केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़ा हमला बोला। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह और पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को घेरा।
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि नीट विवाद से परेशान होकर 17 विद्यार्थियों ने आत्महत्या की। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों में 85 बार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिससे करीब 2 करोड़ विद्यार्थी प्रभावित हुए। पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों की नर्सरी बन चुका है और व्यापम देश के सबसे बड़े घोटालों में शामिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापम मामले के आरोपियों को हाईकोर्ट से बरी किए जाने के खिलाफ राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट नहीं गई, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं ने युवाओं का सरकार और पूरी परीक्षा व्यवस्था से भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को समय पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार मिलना चाहिए, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीर नजर नहीं आ रही है।
पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा घोटालों में बार-बार बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम सामने आते हैं। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार के रोजगार के आंकड़ों में अंतर को “आंकड़ों की जादूगरी” बताते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 40 प्रतिशत सरकारी पद खाली हैं और कई पदों को ‘डाइंग कैडर’ में डाल दिया गया है।
कांग्रेस ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 15 सूत्रीय मांगें भी रखीं। इनमें हर परीक्षा का वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करना, दो साल से अधिक समय से खाली पदों पर भर्ती, परीक्षा अपराधों के लिए विशेष न्यायालय, केजी से पीजी तक निशुल्क शिक्षा, विश्वविद्यालय भर्ती आयोग का गठन और यूसीसी से पहले “यूनिफॉर्म एजुकेशन कोड” लागू करने की मांग शामिल है।
वहीं, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने बताया कि युवाओं के स्वाभिमान और रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस 14 और 15 जुलाई को ‘GenZ साइक्लोथॉन यात्रा’ निकालेगी। यात्रा इंदौर से शुरू होकर देवास, आष्टा और सीहोर होते हुए भोपाल पहुंचेगी। मुख्यमंत्री निवास पर शंखनाद कार्यक्रम के साथ इसका समापन होगा। कांग्रेस का कहना है कि यह यात्रा हजारों युवाओं के भविष्य और रोजगार के मुद्दे को लेकर निकाली जा रही है।