बुरहानपुर जिले में हाल ही में हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रविंद्र महाजन के नेतृत्व में किसानों को शीघ्र राहत और मुआवजा देने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण जिले में केला, मक्का, तरबूज सहित कई प्रमुख फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई किसानों की पूरी फसल नष्ट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

मुआवजे की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रशासन तुरंत प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराए और किसानों को उचित मुआवजा व राहत राशि उपलब्ध कराए। साथ ही नागझरी जलाशय परियोजना में अधिग्रहित भूमि के लंबित मुआवजे को भी जल्द जारी करने की मांग की गई है।
किसानों का कहना है कि कृषि आधारित क्षेत्र होने के बावजूद अब तक राहत राशि नहीं मिलने से उनकी स्थिति गंभीर हो गई है। उनका कहना है कि फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं किसानों ने भी स्पष्ट कहा है कि यदि राहत नहीं मिली तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।