गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज एक दिवसीय दौरा है। मुख्यमंत्री चरगांवा के सेमरा में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बने 100 क्षमता वाले आधुनिक राजकीय महिला शरणालय का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह यानी किशोर गृह का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
8 करोड़ की लागत से तैयार महिला शरणालय का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 23 सितंबर (बुधवार) को गोरखपुर पहुंचेंगे। दोपहर बाद करीब 3 बजकर 30 मिनट पर वे विकास खंड चरगांवा के ग्राम सेमरा में नवनिर्मित राजकीय महिला शरणालय का लोकार्पण करेंगे। करीब 8 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक महिला शरणालय में एक साथ 100 महिलाओं के रहने की क्षमता है। शरणालय में महिलाओं के सुरक्षित रहने के साथ उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां 10 डारमेट्री, अध्ययन कक्ष, रोगी कक्ष, क्रेच रूम, डाइनिंग हॉल, किचन, स्टोर, शौचालय और स्नानघर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वार्डन कक्ष, कार्यालय, वर्कशॉप और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
महिलाओं के साथ बच्चों के लिए भी विशेष इंतजाम
राजकीय महिला शरणालय में ऐसी महिलाओं को सुरक्षित आश्रय और संरक्षण देने की व्यवस्था है, जिन्हें विपरीत परिस्थितियों के कारण तत्काल सहारे की जरूरत होती है। खास बात यह है कि यहां महिलाओं के साथ उनके बच्चों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है। क्रेच की सुविधा इसी व्यवस्था का हिस्सा है। मुख्यमंत्री के हाथों इस भवन का लोकार्पण होने के बाद यह महिला संरक्षण और पुनर्वास से जुड़ी सरकारी व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
14.87 करोड़ के किशोर गृह का भी निरीक्षण करेंगे सीएम
महिला शरणालय के लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह यानी किशोर गृह का भी निरीक्षण करेंगे। करीब 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस संप्रेक्षण गृह की क्षमता 100 किशोरों की होगी। मुख्यमंत्री यहां पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति और वहां विकसित की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। परिसर में किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक का भी प्रावधान किया गया है। निर्माण कार्य को फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री के गोरखपुर दौरे का अगला प्रमुख कार्यक्रम गोरखनाथ मंदिर में होगा। मुख्यमंत्री यहां सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान-यज्ञ के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कथा ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ महाराज की 57वीं और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। कथा का आयोजन 23 सितंबर से 29 सितंबर तक होगा। वृंदावन के मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास देवाचार्य कथा का वाचन करेंगे।
एक दिन, तीन प्रमुख कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का आज का गोरखपुर दौरा है और इसमें तीन प्रमुख कार्यक्रम शामिल हैं। पहला चरगांवा के सेमरा में राजकीय महिला शरणालय का लोकार्पण। वहीं दूसरा निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह यानी किशोर गृह का निरीक्षण और तीसरा गोरखनाथ मंदिर में सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान-यज्ञ का शुभारंभ।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट