शाजापुर (मध्य प्रदेश)। जिले में ग्राम पंचायत और अन्य संस्थाओं में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 300 बेरोजगार युवकों से लगभग 42 लाख रुपये की ठगी की गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ितों से ग्राम पंचायत, लघु उद्योग विकास परिषद और सिडको जैसी संस्थाओं में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग राशि ली गई। किसी से 18,000 रुपये, किसी से 35,000 रुपये और किसी से 7,500 रुपये तक वसूले गए।
पीड़ितों का कहना है कि एक साल पहले उनसे यह वादा किया गया था कि उन्हें पंचायत और संबंधित संस्थाओं में नौकरी दिलाई जाएगी, लेकिन बाद में संबंधित लोगों ने संपर्क करना बंद कर दिया। इससे करीब 300 लोग ठगी के शिकार हो गए।
मामले को लेकर पीड़ितों ने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद मंगलवार को वे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित सलमान पठान सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया है कि शिवराज सिंह राजपूत और अजहर पठान समेत अन्य लोगों ने यह धोखाधड़ी की है। उन्होंने राशि वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।