1. हिन्दी समाचार
  2. Religious
  3. बृहस्पत कुंड बना पन्ना की नई पर्यटन पहचान,ग्लास ब्रिज के लोकार्पण से बढ़ी रौनक

बृहस्पत कुंड बना पन्ना की नई पर्यटन पहचान,ग्लास ब्रिज के लोकार्पण से बढ़ी रौनक

पन्ना के बृहस्पत कुंड में बने नए ग्लास ब्रिज के लोकार्पण के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ी। मानसून में झरने, हरियाली और रोमांचक नजारों का आनंद लेने के लिए यह प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है।

By: BS Yadav 
Updated:
बृहस्पत कुंड बना पन्ना की नई पर्यटन पहचान,ग्लास ब्रिज के लोकार्पण से बढ़ी रौनक

पन्ना। प्रकृति की गोद में बसा बृहस्पत कुंड अब पन्ना जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर पहाड़ी खेरा के पास घने जंगलों के बीच स्थित यह प्राकृतिक झरना अपनी मनमोहक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।

मानसून के मौसम में बृहस्पत कुंड का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है। ऊंचाई से गिरता झरना, चारों ओर फैली हरियाली और गहरी घाटी का दृश्य यहां आने वाले पर्यटकों को रोमांच और सुकून दोनों का अनुभव कराता है। यही वजह है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यहां बनाए गए अत्याधुनिक ग्लास ब्रिज ने इस स्थल की लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी है। 24 जुलाई 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ग्लास ब्रिज का लोकार्पण किया था। इसके बाद से पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है।

ग्लास ब्रिज पर चलते हुए नीचे बहते झरने और गहरी घाटी का विहंगम दृश्य पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस परियोजना से न केवल बृहस्पत कुंड की खूबसूरती में चार चांद लगे हैं, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार की संभावनाओं को भी नया बल मिला है।

जिला प्रशासन भी पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के संगम के रूप में बृहस्पत कुंड अब पन्ना आने वाले पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन चुका है।
पन्ना से राजेश रावत की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...