छिंदवाड़ा। कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त बी. आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। बुधवार सुबह शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण और भंडारण से जुड़े मामलों का खुलासा किया गया।

कलेक्टर के निर्देशन में चलाया गया सघन अभियान
अभियान के दौरान टीम ने ग्राम सारना के वंशकार मोहल्ले में दो रिहायशी मकानों की जांच की, जहां से अवैध मदिरा बरामद कर प्रकरण दर्ज किए गए। इसके बाद ग्राम लकड़ाई जम्होड़ी में नाले के किनारे प्लास्टिक की कैनों में रखा महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही विधिवत नष्ट कर दिया गया। इसी क्षेत्र के एक मकान से हाथ भट्टी शराब भी जब्त की गई।
जांच के अगले चरण में ग्राम कपरवाड़ी में भी दबिश दी गई, जहां नाले के किनारे भारी मात्रा में प्लास्टिक कैनों में भरा महुआ लाहन पाया गया। इसे भी नियमानुसार नष्ट किया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की संभावित गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
पूरे अभियान के दौरान आरोपियों के खिलाफ कुल 8 प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं (च) के तहत दर्ज किए गए। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी. एल. मरावी, आबकारी उपनिरीक्षक आकाश मेश्राम सहित पूरी टीम मौजूद रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।