नई दिल्ली : अक्सर आपने विभिन्न मंचों से प्रधानमंत्री को सुना होगा, वो कभी आघे घंटे का भाषण देते है, तो कभी 1 घंटे से भी अधिक का। तो कभी रिकॉर्ड तोड़ने वाले भी। हालांकि पीएम मोदी के इन भाषणों के बाद सवाल ये उठता है कि आखिर उनका भाषण लिखता कौन है? कोई IAS अधिकारी या कोई अन्य। क्योंकि अक्सर ये कहा जाता है कि जो भी मंत्री या नेता अपना भाषण देते है, उसे कोई IAS रैंक का अधिकारी ही तैयार करता है।
आपको बता दें कि यहीं सवाल इंडिया टुडे के मन में भी उठा और उन्होंने इसे लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में एक RTI दाखिल की। इस आरटीआई के तहत ना सिर्फ उन लोगों के नाम, बल्कि मोबाइल नंबर भी जानने की कोशिश की गई, जो अलग-अलग मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भाषण तैयार करते हों। यही नहीं, इसके अलावा यह भी जानने का प्रयास हुआ कि भाषण को तैयार करने वाले लोगों को इसके एवज में तकरीबन कितना भुगतान किया जाता है। बता दें कि इस आरटीआई का जवाब भी आ गया है।
जवाब में यह बताया गया है कि विभिन्न माध्यमों से इनपुट्स इकट्ठा करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ही भाषणों की रूपरेखा तैयार करते हैं। पीएमओ ने आरटीआई के जवाब में बताया कि, ‘अलग-अलग कार्यक्रमों के अनुसार प्रधानमंत्री को उसके इनपुट उपलब्ध करा दिए जाते हैं। इसके बाद पीएम खुद भाषण को अंतिम रूप देते हैं।’ हालांकि, पीएम मोदी की भाषण तैयार करने में कितनी रकम खर्च की जाती है, इसका जिक्र नहीं किया गया है।