बड़वानी जिले के पाटी क्षेत्र की सूखी पहाड़ियों में बारिश के पानी को सहेजने के लिए ‘कंटूर ट्रेंच’ का निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के तहत कलेक्टर जयतिसिंह के निर्देशन में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण और भू-जल स्तर को बढ़ाना है।
‘कंटूर ट्रेंच’ पहाड़ी और ढलान वाले क्षेत्रों में बारिश के पानी के बहाव को रोकने का काम करेगी। इससे न केवल मिट्टी का कटाव कम होगा, बल्कि क्षेत्र में जल स्तर सुधारने में भी मदद मिलेगी। इस पहल से पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
ग्राम पंचायत पाटी में चाखलिया रोड स्थित पहाड़ियों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों के सहयोग से श्रमदान किया गया। इस दौरान लगभग 270 ‘कंटूर ट्रेंच’ बनाए गए, जिससे जल संरक्षण अभियान को गति मिली।
इस कार्य में जनपद के मंडल अध्यक्ष संजय वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी, जनपद सीईओ मीना झा, एसडीओ रुस्तम रावत, सचिव सयाराम वास्कले, उपयंत्री सरदार चौहान सहित सरपंच प्रतिनिधि सुभाष और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। सभी ने मिलकर जल संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।