सीहोरः नवरात्रि के पावन अवसर पर सलकनपुर देवीधाम में इन दिनों आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन मां बिजासन के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मां बिजासन का यह दरबार न केवल आम श्रद्धालुओं बल्कि देश-प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी, आईएएस, आईपीएस, न्यायिक पदों पर आसीन हस्तियों और जनप्रतिनिधियों की आस्था का भी प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि मां के दरबार में आने वाला कोई भी भक्त खाली नहीं लौटता, यही कारण है कि हर वर्ग के लोग यहां अर्जी लगाने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, पूर्व सांसद नकुलनाथ आईसीसी के सचिव सतनारायण पटेल एवं पूर्व मंत्री सचिन यादव, सलकनपुर पहुंचे। इससे पूर्व रीना बोरासी ने भंडारे में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मीडिया से चर्चा में जीतू पटवारी एवं रीना बोरासी ने कहा कि मां बिजासन के दरबार में आकर अद्भुत शांति और ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और उन्नति की कामना करते हुए कहा कि जनसेवा का संकल्प और मजबूत होकर यहां से निकलता है।
सलकनपुर पहुंचने पर दोनों नेताओं का स्वागत सलकनपुर की सरपंच श्रीमती मंजू दायमा, महिला कांग्रेस श्रीमती कंचन शर्मा एवं कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इसके पश्चात सभी नेता मां बिजासन के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की जनता की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। प्रतिवर्ष पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंत्री विश्वास सारंग भी एवं अन्य प्रदेश के मंत्री भी दर्शन करने माता के पहुंचते हैं।
नवरात्रि के इस पावन पर्व पर सलकनपुर धाम एक बार फिर श्रद्धा, विश्वास और आस्था का केंद्र बना हुआ है, जहां आमजन से लेकर जनप्रतिनिधि तक मां के चरणों में शीश नभाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।