असम के तिनसुकिया जिले के बागजान में ऑयल इंडिया लिमिटेड के गैस कुएं में भीषण आग लग गई है। आग पर काबू पाने और किसी भी तरह के नुकसान से बचने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची गयी है।
बताया जा रहा है कि दो हफ्ते से कुएं से लगातार गैस का रिसाव हो रहा था। जिसके बाद मंगलवार को इसमें भीषण आग लग गई। आग की वजह से कुएं से लगातार काला धुंआ उठ रहा है। वहीं पर काबू पाने और किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए एनडीआरएफ की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। ऑयल इंडिया लिमिटेड के तेल कुएं में विस्फोट इतना भारी है कि इसे दो किलोमीटर से अधिक दूरी से देखा जा सकता है।
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि अग्निशमन दल घटनास्थल पर पहुंच गया है और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।