नई दिल्ली : बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के हलावर रूख अख्तियार करने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन पर करारा हमला किया है। एक तरफ जहां उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधा, वहीं उन्होंने जेपी नड्डा को भी आड़े हाथों लिया है। दरअसल, जेपी नड्डा ने कहा था कि राहुल गांधी किसानों का ध्यान भटका रहे हैं। इसका जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नहीं डरता. मैं साफ-सुथरा आदमी हूं। ये मुझे गोली मार सकते हैं, लेकिन छू नहीं सकते। मैं देशभक्त हूं और अपने देश की रक्षा करूंगा। कोई मेरा साथ नहीं देगा, तब भी अकेला लड़ता रहूंगा। यह मेरा धर्म है।”
वहीं जब राहुल से जेपी नड्डा को लेकर प्रश्न किया गया तो वे बिफर पड़े, उन्होंने कहा कि, ‘क्या वो मेरे प्रोफेसर हैं, वो कौन हैं जो मैं उन्हें जवाब देता फिरूं। मैं देश के किसानों, देश की जनता को जवाब दूंगा। अपनी आवाज उठाता रहूंगा चाहे कितना भी विरोध हो जाए’।
आपको बता दें कि जेपी नड्डा ने मंगलवार को ट्वीटर के जरिये कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कई सवाल दागे थे। इस दौरान जहां उन्होंने दर्जनों सवाल पूछे तो वहीं उन्होंने चीन के मसले पर झूठ फैलाने की बात कहीं। बता दें कि मंगलवार को राहुल गांधी ने कृषि कानूनों की कमियां बताने वाली बुकलेट भी रिलीज किया है।
उन्होंने कहा कि नए कृषि कानून देश की कृषि व्यवस्था को बर्बाद करने के लिए तैयार किए गए हैं। इस देश के 4-5 नए मालिक हैं। अब तक खेती में एकाधिकार नहीं था। आज तक हिंदुस्तान के खेतों का फायदा किसानों, मजदूरों, मिडिल क्लास और गरीबों को जाता था।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि सरकार और उनका अहंकार समझता है कि किसानों को थकाया जा सकता है, उन्हें बेवकूफ बनाया जा सकता है, लेकिन किसानों को ना तो थकाया जा सकता है, ना उन्हें बेवकूफ बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि इस साल ही देश के पांच प्रमुख राज्यों में चुनाव होने है, जिसे लेकर सभी पार्टियां एक दूसरे पर हमलावर तेवर अख्तियार किये हुए है। कांग्रेस और तमाम विपक्षियों के लिए किसान आंदोलन जहां तुरूप का इक्का साबित हो सकता है। वहीं बीजेपी अपने इस गले की फांस को जल्द सुलझाने की कोशिश करेगी, जिससे उसे होने वाले चुनाव में फायदा मिल सकें।