बुरहानपुर पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा आगामी धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोटवारों और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों के लिए आयोजित सात दिवसीय विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन रेणुका पुलिस लाइन में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, भीड़ नियंत्रण, अनुशासन, परेड, सलामी, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की सहायता से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दी गईं। साथ ही प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के तरीके भी सिखाए गए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक अर्चना चिटनिस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कोटवार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। उनकी सक्रिय भूमिका से गांवों में सुरक्षा व्यवस्था और जनसंपर्क दोनों मजबूत होंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय पर सूचना मिलना बेहद जरूरी होता है। कोटवार गांव स्तर पर गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, जिससे अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि सभी कोटवारों को आपसी समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए डिजिटल माध्यमों से भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक थाना स्तर पर समन्वय के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कोटवार और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग करेंगे। त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान उनकी भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।