सुप्रीम कोर्ट 18 मई से 19 जून तक सभी मामलों की सुनवाई वीडियो और ऑडियो लिंक के जरिए करेगा। दरअसल कोरोना वायरस के दौरान रविवार को जारी एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) में इस बात की जानकारी दी गई। एसओपी के मुताबिक कोर्ट ने ई-फाइलिंग और वर्चुअल सुनवाई में वकीलों और वादियों की मदद के लिए हेल्पलाइन ‘1881’ का भी विस्तार किया है।
बता दें कि लॉकडाउन के दौरान कोर्ट केवल जरूरी मामलों की सुनवाई कर रहा है। इन सभी मामलों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जा रही है। ऐसे में नयी एसओपी इसलिए भी खास है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने 15 मई को गर्मी की छुट्टियों (ग्रीष्मकालीन अवकाश) को पांच सप्ताह के लिए टालने का निर्णय किया है। अब कोर्ट 18 मई से 19 जून तक काम करेगा।