पन्ना, मध्य प्रदेश: शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर पन्ना की जिला यातायात प्रभारी नीलम लक्ष्यकर ने जिले के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इन स्थानों पर दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।यातायात प्रभारी ने नागरिकों से अपील की कि वे दुर्गा पंडालों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों से गुजरते समय वाहन धीमी गति से चलाएं। साथ ही अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें और पैदल चल रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा का ध्यान रखें।
नाबालिग बच्चों को वाहन न दें अभिभावक
नीलम लक्ष्यकर ने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें। कम उम्र में वाहन चलाने से बच्चों के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सड़कों और धार्मिक स्थलों के आसपास भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चलाते समय लापरवाही दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने में नागरिक भी करें सहयोग
यातायात प्रभारी ने कहा कि नवरात्रि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना केवल पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें, जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और यातायात पुलिस का सहयोग करें।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मां दुर्गा की आराधना के इस पावन पर्व पर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें, ताकि नवरात्रि शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।
रिपोर्ट: राजेश रावत, पन्ना