पिता को गुस्सा आया तो बेटे को खिड़की पर उल्टा लटका दिया। पिता उसे पीट रहा था। बेटा मदद के लिए चीख रहा था। आस-पास खड़े लोग तमाशा देख रहे थे। यह वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसने भी देखा उसकी रूह कांप उठी। डीजीपी को ट्वीट किया गया। वीडिया जगनेर के गांव मेवली का बताया गया। ट्वीट के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपित पिता को खोज निकाला।
एसपी देहात पश्चिम रवि कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। 52 सेकेंड के वीडियो में एक बच्चा खिड़की से उल्टा बंधा नजर आ रहा था। एक बुजुर्ग उसे रस्सी के टुकड़े से पीट रहा था। बीच-बीच में यह आवाज भी आती है कि रहने दो। माफ कर दो बच्चा है। इस पर क्रूर बुजुर्ग बोलता है कि अब ले जाएगा गेहूं। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो जगनेर के गांव मेवली का बताया गया। महफूज संस्था के नरेश पारस ने वीडियो डीजीपी को ट्वीट किया। लखनऊ से आगरा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कुछ ही देर में पुलिस की टीम गांव मेवली पहुंच गई। वीडियो का असर इतना भयंकर होगा किसी को अंदाजा नहीं था। पुलिस ने गांव में पहुंचते ही लोगों के दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया। कई लोगों को वीडियो दिखाया। यही पूछा कि यह किसके घर का है। कुछ ही देर में ग्रामीणों ने पुलिस को आरोपित के घर पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपित पिता गुड्डू खां को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मारपीट और बाल संरक्षण अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपित को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
घर से गेहूं ले गया था बच्चा
गांव में अनाज के बदले दुकान से उतनी कीमत का कोई भी दूसरा सामान मिल जाता है। बच्चे दुकानों पर अनाज ले जाते हैं और वहां से अपनी पसंद की टॉफी बिस्कुट आदि सामान ले आते हैं। गुड्डू खां का दस वर्षीय बेटा रमजानी घर से गेहूं लेकर दुकान पर गया था। वहां से अपनी पसंद का कोई सामान ले आया था। गेहूं ले जाने से पहले उसने घर पर किसी बड़े से अनुमति नहीं ली थी। जानकारी पर शुक्रवार की शाम पिता ने उसे खिड़की से बांधकर पीटा था।
छटपटा रहा था बालक
बालक के दोनों पैर खिड़की से रस्सी से बंधे हुए थे। वह उल्टा लटका था। बालक अपने हाथ से खिड़की की दीवार पकड़ने का प्रयास कर रहा था। यह देखकर पुलिस कर्मी भी घबरा गए। इस अंदाज में तो पुलिस वाले भी किसी को नहीं पीटते हैं।