यूपी के लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, सहारनपुर जिले में अगले तीन घंटों के दौरान आज बारिश होनी की संभावना है। लखनऊ के मौसम विज्ञान केंद्र की ओरर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि इन जिलों में आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।
पश्चिमी यूपी के अलावा पूर्वाँचल और मध्य यूपी में हल्की बारिश हो सकती है। यहां आकाशीय बिजली चमकने की संभावना बहुत कम है। मौसम विभाग के मुताबिक एनसीआर में बारिश तो नहीं होगी लेकिन कड़क धूप नहीं निकलेगी। आद्रता अधिक रहने की संभावना है।
लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, सहारनपुर जिलों के आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर अगले तीन घंटों के दौरान आज बारिश होनी की संभावना है: मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ
आज से 13 तक बिहार में भरी बारिश की संभावना
सोमवार यानी 10 से 13 अगस्त तक पटना सहित लगभग पूरे बिहार में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं रविवार को समस्तीपुर, छपरा के मशरख, पुर्णिया और मधेपुरा आदि में ठीकठाक बारिश हुई। पटना के भी कुछ इलाकों में वर्षा हुई। उल्लेखनीय है कि पटना सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले कई दिनों से उमस से लोग परेशान है। मौसम विभाग के अनुसार अभी मानसून ट्रफ पंजाब के फिरोजपुर, दिल्ली, के ऊपर से होते हुए बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के ऊपर से गुजर रहा है। यह ट्रफलाइन सोमवार से शिफ्ट होकर बिहार के ऊपर से होते हुए उत्तर की तरफ बढ़ेगा। इससे भारी बारिश की संभावना बनेगी। इसके अलावा दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जो बिहार के मौसम को प्रभावित करेगा।
उत्तराखंड के चार जिलों में आज भारी बारिश की आशंका
उत्तराखंड में देहरादून सहित चार जिलों में सोमवार को भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार 10 अगस्त को पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी, देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में अधिकांश जगह बारिश होने की संभावना है। इस दौरान देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं तीव्र दौर के साथ भारी बारिश हो सकती है।
11 अगस्त को प्रदेश में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 12 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश जगह बारिश की संभावना है। इस दौरान देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका है। 13 अगस्त को भी प्रदेश में कई जगह बारिश हो सकती है।