उत्तर प्रदेश उपचुनाव मतगणना :जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट धनंजय सिंह आगे
उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे से शुरू हुई। इन सात सीटों पर 88 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होना है।
जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट पर लिए वोटों की गिनती जारी है। शाम तक परिणाम आ जाएगा कि कौन उम्मीदवार बाजी मारेगा। मल्हनी से 16 प्रत्याशी मैदान में हैं।
भाजपा के मनोज सिंह,सपा के लकी यादव, बसपा से जयप्रकाश दुबे, कांग्रेस से राकेश मिश्र और निर्दलीय उम्मीदवार धनंजय सिंह पर सबकी नजरें बनी हुई हैं।
8वें राउंड में भी निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह 1700 वोटों से सपा के लकी यादव से आगे चल रहे हैं।
धनंजय सिंह का जन्म बंसफा गांव में 20 अक्टूबर 1972 में हुआ था। धनंजय सिंह ने साल 2002 में पहली बार निर्दल प्रत्याशी के रूप में रारी विधानसभा से चुनाव जीता था।
साल 2007 में जनता दल से दोबारा सपा के लाल बहादुर यादव को हराकर जीत दर्ज की। इसके बाद बसपा ने चुनावी दांव खेलते हुए साल 2009 में धनंजय सिंह को जौनपुर सदर लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया।
यहां भी धनंजय सिंह ने भारी मतों से जीत दर्ज किया। वर्ष 2009 में ही रारी विधानसभा के उपचुनाव में अपने पिता राजदेव सिंह को बसपा से जिताकर सदन तक पहुंचाया।
सीट बंटवारे को लेकर हुए मनमुटाव के बाद बसपा ने धनंजय को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया। यही नहीं उन्हें जेल भी भेजा। जेल में रहते हुए धनंजय सिंह ने 2012 में अपनी पत्नी डॉ. जागृति सिंह को नवसृजित मल्हनी विधानसभा से निर्दल चुनाव लड़ाया, लेकिन वह चुनाव हार गईं। साल 2017 में बीजेपी की लहर में निर्दल प्रत्याशी के रूप में खुद धनंजय सिंह चुनाव जीत नहीं सके।