रिपोर्ट – माया सिंह
बिहार : चोरी के कई अजीबोंगरीब मामले आपने सुना है , लेकिन बिहार की राजधानी पटना में , सड़क चोरी हो गयी है । आप सोच रहे होंगे कि भला, सड़क कैसे चोरी हो सकती है । लेकिन यह सच है कि अचानक से पूरी सड़क गायब हो गई, जिसको देखकर स्थानिय लोग अवागमन के लिए परेशान हो गये ।
जब मामला पंचायत के मुखिया और भाकपा माले के विधायक पास पहुचा तो बीडीओ साहब मौके पर जांच करने खुद पहुंचे और नज़ारा देखकर हैरान रह गये ।
यह मामला पटना से सटे परसा के सिमरा मुसहरी जाने वाले रास्ते का है। असल में वहां पंचायत की योजना से ईंट सोलिंग सड़क बनाई गई थी। इस बीच लोगों ने एक दिन देखा कि अचानक से सड़क की एक-एक ईंट गायब हो गई है। हालांकि इस कारनामें को लेकर एक स्थानीय दबंग पर शक जताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह सड़क पूर्व मुखिया के फंड से बनी थी। इस घटना को लेकर फुलवारीशरीफ विधानसभा के माले विधायक गोपाल रविदास ने सिमरा के नागेन्द्र सिंह पर आरोप लगाया है कि यही आदमी शनिवार को दिन-दहाड़े मुसहरी जाने वाली सड़क की ईंट उखाड़ने के बाद ट्रैक्टर पर लादकर ले गया।
इसकी शिकायत विधायक ने फुलवारीशरीफ के प्रखंड विकास पदाधिकारी जफरूद्दीन व परसा थानेदार संजय कुमार से की। हालांकि आरोपित के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। फिलहाल ईंट उखाड़े जाने के कारण आस-पास के लोगों को अपने घर तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
थानेदार संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में बीडीओ जांच कर रहे हैं। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी जफरूद्दीन का कहना है कि सूचना के बाद वह खुद जांच के लिये गये थे , जहां मालूम चला कि बगल से बन रही फोरलेन सड़क में ईंट सोलिंग वाली सड़क का करीब 200 फीट हिस्सा आ रहा है।
जिसके कारण इसकी खोदाई का काम एक-दो दिनों में शुरू होने ही वाला था। इसी की भनक लगने के बाद किसी ने खोदाई से पहले ही रास्ते की ईंट उखाड़ लिया । इधर, स्थानीय मुखिया नवलेश सिंह ने उखाड़ी गई ईंट को फिर से बिछाने का आश्वासन दिया है।