नई दिल्ली : पूरा देश आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तीसरी पुण्यतिथि मना रहा है। एक तरफ जहां लोग उनकी कविताओं और उनके संदेश के जरिये उन्हें याद कर रहे है। वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि दिल्ली में सदैव अटल स्मृति स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 बजकर 30 मिनट पर पहुंचे फिर वहां आयोजित प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने स्मृति स्थल पर पुष्प चढ़ाकर नमन किया।
उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक के बाद एक ट्वीट के मुताबिक नायडू ने कहा, ‘‘देश के पूर्व प्रधानमंत्री तथा हमारे प्रिय नेता अटल बिहारी वाजपेई जी की पुण्य तिथि पर उनकी स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’’
वाजपेयी को एक दूरदर्शी राजनेता, ओजस्वी वक्ता, विद्वान साहित्यकार, राष्ट्रवादी संवेदनशील कवि तथा प्रखर सांसद बताते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘‘अटल जी अपना सारा जीवन राष्ट्र की निःस्वार्थ सेवा में समर्पित कर दिया, आपने सुशासन के प्रामाणिक मानदंड स्थापित किए। राष्ट्र निर्माण में वाजपेयी के योगदान को सदैव आदरपूर्वक याद किया जाएगा।’’
PM Narendra Modi, President Ram Nath Kovind, and Vice President Venkaiah Naidu pay tribute to former PM Atal Bihari Vajpayee on his death anniversary, at ‘Atal Samadhi Sthal’ in Delhi pic.twitter.com/vgZ36XPOns
— ANI (@ANI) August 16, 2021
‘‘सदैव अटल’’ वाजपेयी का स्मारक है। वर्ष 2018 को आज ही के दिन दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में वाजपेयी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वाजपेयी को 2015 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा स्मृति स्थल ‘सदैव अटल’ पर पहुंचकर उन्हें याद किया।
बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी का दिल्ली के एम्स अस्पताल में 16 अगस्त, 2018 को निधन हो गया था। उन्हें साल 2015 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
अटल बिहारी वाजपेयी एकमात्र ऐसे नेता थे, जिन्होंने जवाहर लाल नेहरू के बाद प्रधानमंत्री पद तीन बार संभाला। पूर्व पीएम वाजपेयी का जन्म मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 25 दिसंबर, 1924 को हुआ था।