बसपा-कांग्रेस के तीन पूर्व सांसद अपने समर्थकों सहित सपा में शामिल
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक पार्टियां अभी से तैयारियों में जुटी हैं। समाजवादी पार्टी अपने कुनबे का विस्तार करती जा रही है।
पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सोमवार को कांग्रेस, बसपा और जदयू के 3 पूर्व सांसद और नेता व साइकिल चालक अभिषेक सिंह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने कहा, “कई दलों के नेता लगातार बड़ी संख्या में हमारे साथ आ रहे हैं।
मैं उन सभी का स्वागत करता हूं जो आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। बीते दिनों लंबे समय तक कांग्रेस में रहीं पूर्व सांसद अन्नू टंडन समाजवादी पार्टी में शामिल हुई हैं।
समाजवादी पार्टी में सोमवार को शामिल होने वाले नेताओं में बसपा के पूर्व सांसद कैलाश सिंह यादव, पूर्व सांसद मिर्ज़ापुर बाल कुमार पटेल, पूर्व सांसद कैसर जहां, पूर्व विधायक राम सिंह पटेल, हरगांव सीतापुर, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, जस्मीन अंसारी, अशफाक ख़ान, अरविंद सिंह पटेल, आशीष मिश्रा, मोहम्मद अहमद, शत्रोहन प्रसाद वर्मा, राजेश प्रजापति हैं। अखिलेश यादव ने नोटबंदी पर आधारित दो किताबें ‘मंदी के जनक’ और ‘काला धन’ का विमोचन किया।
अखिलेश यादव ने इस दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि मंदी ने व्यापारी, किसान, सभी लोगों के लिए काफी नुकसानदेह रहा। जनता लाइन में खड़ी रही और बड़े उद्योगपति अपना खजाना भरते रहे। भाजपा ने जनता को धोखा दिया है।
सपा अध्यक्ष ने 2022 में सपा सरकार की वापसी का दावा किया है। रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा राज में युवाओं को नई नौकरियां नहीं मिलीं और पुरानी फैक्टरियां भी बंद हो गई हैं। लॉकडाउन में कर्मचारियों की छंटनी हो गई थी, अब तक लोग काम के लिए भटक रहे हैं।