राहुल गांधी के दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों के दौरे पर भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने तंज कसते हुए कहा कि, जिन्हें शांति से, सौहार्द से है बैर वो कर रहे हैं इस तरह की सियासी सैर। ये जो भड़काऊ राजनीतिक पर्यटन है वो बंद होना चाहिए और शांति और सौहार्द के लिए हम सब को मिलकर काम करना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने कमलनाथ के विधायकों की खरीद-फरोख़्त के आरोप पर कहा कि, घर इनसे संभल नहीं रहा है, मोहल्ले में शोर मचा रहे हैं बचाओ-बचाओ, अपना घर संभालो भैय्या। बता दें कि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर विधायकों को खरीदने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि, आठ विधायकों को बीजेपी ने जबर्दस्ती गुरूग्राम के एक होटल में बंधक बना कर रखा है।
इन आठ विधायकों में चार कांग्रेस के हैं। इसमें समाजवादी पार्टी (एसपी) और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के एक-एक विधायक हैं, इसमें अलावा दो निर्दलीय विधायक हैं। इन विधायकों का समर्थन भी कमलाथ सरकार को मिला हुआ है। मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोट ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह दावा किया है कि, उनके चार विधायकों में से एक विधायक और पूर्व मंत्री बिसाहुलाल सिंह ने फ़ोन कर बताया है कि, उन्हें गुरूग्रम के एक होटल में जबर्दस्ती रखा गया है और बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। इस बयान के बाद बीजेपी के तमाम नेताओं ने दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा।