रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: कोराना महामारी के कहर से कई कंपनियां ठप हो गई, किसी कंपनियों में कर्मचारियों की छटनीं की गई, तो कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों के सैलरी में कटौती कर दी। जबकि कुछ कंपनियों ने महामारी के भीषण दौर में भी काम करने के लिए अपने कर्मचारियों को इनाम दे रही हैं।
आपको बता दें कि अमेरिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने कोरोना महामारी में काम करने पर इनाम के तौर पर अपने हर कर्मचारी को 1,500 डॉलर (करीब 1.12 लाख रुपये) का महामारी बोनस देने का ऐलान किया है। कंपनी का कहना है कि उसने एक चुनौतीपूर्ण वित्तीय वर्ष को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
एक रिपोर्ट की मानें तो, माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है, ‘एकमुश्त दिया जाने वाला यह बोनस एक अलग तरह के चुनौतीपूर्ण वित्तीय वर्ष को स्वीकार करने जैसा है, जिसे पिछले साल माइक्रोसॉफ्ट ने पिछले साल पूरा किया है।’ माइक्रोसॉफ्ट की चीफ पीपल ऑफिसर कैथलीन होगन ने इसका ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि Microsoft के हर कर्मचारी इसके हकदार होंगे, चाहे वे अमेरिका में कार्यरत हों या किसी और देश में, यह बोनस Vice President से निचले स्तर के सभी कर्मचारियों को दिया जाएगा, जिन्होंने 31 मार्च, 2021 से पहले कंपनी को जॉइन किया है।
इसके साथ ही उन पार्ट टाइम कर्मचारियों को भी बोनस मिलेगा जो प्रति घंटे के आधार पर काम करते हैं। आपको बता दें कि दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट के 175,508 कर्मचारी हैं। बोनस पर कंपनी को करीब 26.32 करोड़ डॉलर खर्च करना पड़ सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट से पहले भी फेसबुक ने अपने 45,000 कर्मचारियों को 1,000 डॉलर का उपहार दिया था और Amazon ने फ्रंटलाइन कर्मचारियों के लिए 300 डॉलर का हॉलीडे बोनस दिया था।