श्रावण मास के पावन अवसर पर जबलपुर के हाथीताल क्षेत्र से आदर्श केसरवानी वैश्य समाज संगठन के तत्वावधान में भव्य कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर बिहार के सुल्तानगंज पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु गंगा नदी से पवित्र जल भरेंगे। इसके बाद सभी कांवड़िए झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर प्रस्थान करेंगे। श्रावण माह के प्रथम सोमवार को भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग पर जल अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना करेंगे। इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

कांवड़ यात्रा को मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह के भाई लेखराज सिंह ‘मुन्ना भैया’ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय यात्रा की कामना की। कार्यक्रम में राजेश केसरवानी, राहुल गुप्ता, हरिवंश गुप्ता, सोनू गुप्ता सहित समाज के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्रावण मास में निकाली गई इस कांवड़ यात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण बना दिया। आयोजन समिति ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के साथ-साथ समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।