1. हिन्दी समाचार
  2. Jabalpur
  3. लोन रिकवरी करने पहुंचे बैंक मैनेजर पर हमला, रुपये छीनने का आरोप

लोन रिकवरी करने पहुंचे बैंक मैनेजर पर हमला, रुपये छीनने का आरोप

जबलपुर के केंट थाना क्षेत्र में गोल्ड लोन की रिकवरी करने पहुंचे यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक पर कर्जदार द्वारा मारपीट और हमला करने का आरोप है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

By: BS Yadav 
Updated:
लोन रिकवरी करने पहुंचे बैंक मैनेजर पर हमला, रुपये छीनने का आरोप

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बकाया लोन की रिकवरी करने पहुंचे एक बैंक शाखा प्रबंधक के साथ मारपीट और कथित तौर पर बैंक की रिकवरी राशि छीनने का मामला सामने आया है। घटना केंट थाना क्षेत्र की गली नंबर 9 की बताई जा रही है। आरोप है कि कर्जदार ने बैंक मैनेजर के साथ पहले बदसलूकी की और इसके बाद उन पर हमला कर दिया। हमले में मैनेजर की नाक पर चोट लगी, जिससे खून बहने लगा।जानकारी के मुताबिक, यूनियन बैंक की ग्वारीघाट शाखा के प्रबंधक मनीष संग्या बैंक की टीम के साथ केंट क्षेत्र में रहने वाले सतीश अग्रवाल के घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सतीश अग्रवाल पर बैंक का गोल्ड लोन बकाया है। बैंक की ओर से लोन की राशि जमा करने के लिए कथित तौर पर कई बार नोटिस और मैसेज भेजे गए थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं होने पर शाखा प्रबंधक टीम के साथ रिकवरी के लिए उनके घर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि बैंक टीम और कर्जदार के बीच बातचीत के दौरान विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में तीखी बहस होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान सतीश अग्रवाल ने बैंक मैनेजर के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में मनीष संग्या की नाक पर चोट लगी और वहां से खून निकलने लगा।पीड़ित बैंक मैनेजर ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पास मौजूद बैंक की रिकवरी राशि करीब 15 से 16 हजार रुपये भी जबरन छीन ली गई। घटना के बाद बैंक मैनेजर ने केंट थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।शिकायत मिलने के बाद केंट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घायल बैंक मैनेजर को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चोटों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद मामले में संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और कथित तौर पर छीनी गई रकम के संबंध में क्या तथ्य सामने आते हैं। जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...