बड़वानी जिले में संदिग्ध खाद के कारोबार का मामला सामने आने के बाद किसानों में नाराजगी बढ़ गई है। करी और सेंगाव के बीच स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पीछे देर रात ट्राले से खाद उतारे जाने की सूचना पर किसानों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया और प्रशासन को जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि एक बड़े ट्राले वाहन से खाद दूसरी ट्रॉली में लोड की जा रही है। मौके पर पहुंचे किसानों ने देखा कि कुछ लोग जल्दबाजी में खाद उतार रहे थे। पूछताछ के दौरान संबंधित लोगों ने इसे “वन्तरा फर्टिलाइजर” नाम का बायो फर्टिलाइजर बताया, लेकिन खाद कहां से लाई गई और कहां भेजी जा रही थी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकी।
किसानों ने आरोप लगाया कि जिले में नकली खाद का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार किसान असली समझकर ऐसी खाद खरीद लेते हैं और बाद में फसल खराब होने पर नुकसान झेलते हैं।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। दस्तावेजों की जांच की जा रही है और मामले में आगे कार्रवाई की बात कही जा रही है।
किसानों ने सवाल उठाया कि जब बिना ई-टोकन खाद वितरण संभव नहीं है, तो आधी रात को ट्राले से खाद उतारने का काम किस अनुमति से किया जा रहा था। किसानों ने जिलेभर में खाद गोदामों और परिवहन की सघन जांच की मांग की है।