वैश्विक स्तर पर हुए अध्ययनों में भले ही यह सामने आया हो कि कोविड-19 से महिलाओं के मुकाबले पुरूषों को ज्यादा खतरा है, लेकिन भारत के मामले में यह संभावना उलट है। वैज्ञानिकों के एक अध्ययन में सामने आया है कि भारत में पुरूषो से ज्यादा महिलाएं कोरोना संक्रमण के कारण जान गंवा रही है।
भारत में पुरूषों के लिए कोविड-19 से जुड़ी मौत का प्रतिशत 2.9 फीसदी रहा है। वहीं महिलाओं के लिए इसका प्रतिशत 3.3 फीसदी रहा है। हालांकि अध्ययन के मुताबिक संक्रमण की चपेट में आने की बात की जाए तो महिलाओं के मुकाबले पुरूषों में संक्रमण होने का खतरा ज्यादा है। ग्लोबल हेल्थ साइंस जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन में वैज्ञानिकों के समूह ने दावा किया है कि 20 मई तक कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वालों में 66 फीसदी पुरूष और 34 फीसदी महिलाएं थी।
इससे पहले भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने देश में करीब 75 फीसदी संक्रमण के मामले पुरूषों के बताए थे। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत में कोरोना से होने वाली मौत की दर 3.34 फीसदी बताई है, लेकिन शोधकर्ताओं का दावा है कि यह आंकड़ा 4.8 फीसदी तक हो सकता है। इस शोध को दिल्ली के इंडियन इंस्टीट्यूट आॅफ इकोनाॅमिक ग्रोथ के पाॅपुलेशन रिसर्च सेंटर ने भारतीय और अमेरिकी शोध संस्थाओं के वैज्ञानिकों के समूह के साथ मिलकर पूरा किया है।