दिल्ली विधानसभा 2020 चुनाव में आम आदमी पार्टी की जोरदार जीत हुई है, मंगलवार को हुई मतगणना में दक्षिणी दिल्ली की महरौली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी नरेश यादव ने बीजेपी की कुसुम खत्री को 18161 वोट से हराकर जीत हासिल की। लेकिन देर रात नरेश यादव पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। जिसमें आप के अशोक मान नामकर एक कार्यकर्ता की मौत हो गई और एक अन्य कार्यकर्ता हरेन्द्र घायल हो गया।
खबरों की माने तो नरेश पर हमला तब हुआ जब वो चुनावी नतीजे आने के बाद मंदिर से दर्शन करके वापस लौट रहे थे। नरेश को किशनगढ़ में हुए इस हमले में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। वहीं घायलों को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में कालू नाम के एक हमलावार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले को आपसी रंजिश से जुड़ा बता रही है। पुलिस का कहना है कि, अशोक मान और हमलावर के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते यह हमला किया गया।
नरेश यादव ने इस हमले पर कहा कि, यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, मुझे हमले के पीछे का कारण नहीं पता है लेकिन यह अचानक हुआ। जिस गाड़ी में मैं था, उस पर हमला किया गया। मुझे यकीन है कि अगर पुलिस ने सही तरीके से जांच की तो हमलावर पकड़े जाएंगे। वहीं यह भी खबर है कि, नरेश के काफिले पर सात राउंड फायरिंग की गई। मामले में एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
इस हमले के बाद आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने ट्वीट कर दिल्ली पुलिस पर हमला करते हुए कहा कि, महरौली विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला, अशोक मान की सरेआम हत्या, ये है दिल्ली में कानून का राज, मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे नरेश यादव।