1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. बुरहानपुर में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 25 सेवा गतिविधियों पर रहेगा फोकस

बुरहानपुर में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 25 सेवा गतिविधियों पर रहेगा फोकस

बुरहानपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अर्चना चिटनिस के अनुसार अभियान में 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां होंगी, जिनमें स्वास्थ्य, रक्तदान, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण प्रमुख हैं। ‘सेवा सेतु’ शिविरों के जरिए जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

By: Nivedita 
Updated:
बुरहानपुर में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 25 सेवा गतिविधियों पर रहेगा फोकस

बुरहानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में भाजपा मध्यप्रदेश की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। बुरहानपुर में अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने की जानकारी विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनिस ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में जनभागीदारी के माध्यम से करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ना है।

स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा पर विशेष जोर

‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, रक्तदान, श्रमदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ‘सेवा सेतु’ के तहत विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान

अर्चना चिटनिस के मुताबिक अभियान को बुरहानपुर जिले के बूथ, शक्ति केंद्र, ग्रामीण क्षेत्रों और नगरीय इलाकों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अभियान का उद्देश्य बताते हुए कहा कि इसकी मूल भावना है—जरूरत को पहचानना, जरूरतमंद तक पहुंचना और उसकी जरूरत पूरी करना।

 

17 सितंबर को रक्तदान और ‘आशीर्वाद का दीप’

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन शाम 7 बजे बूथ स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा अभियान के दौरान अलग-अलग सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ समेत अन्य गतिविधियों का आयोजन प्रस्तावित है।

सेवा भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास

अर्चना चिटनिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकार या संगठन की उपलब्धियों को बताना नहीं है, बल्कि सेवा की भावना को समाज की सामूहिक शक्ति में बदलना है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। बुरहानपुर में अभियान को बूथ स्तर से लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक ले जाने की तैयारी है। ऐसे में आने वाले एक महीने के दौरान जिले में सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी कई गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

 

रिपोर्ट – राजू सूरसिंह राठौड़ 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...