Madhya Pradesh News: शहर के नवलपुरा रोड स्थित मारुति नगर और विवेकानंद कॉलोनी में सीवरेज पाइपलाइन का अधूरा और धीमी गति से चल रहा काम रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। दरसअल, पिछले डेढ़ महीने से जारी खुदाई के बाद सड़कों की ठीक से मरम्मत और मिट्टी की पैकिंग नहीं की गई। इसके चलते बारिश में मुख्य सड़क कीचड़ से भरकर तालाब जैसी हो गई है। ऐसे में हालात इतने खराब हैं कि लोगों का पैदल और वाहनों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5 बजे कीचड़ में एक ट्रैक्टर फंस गया। इस दौरान पानी की पाइपलाइन टूट गई, जिससे सड़क पर नहर की तरह पानी बहने लगा। वहीं, खुदी और फिसलन भरी सड़क पर बाइक फिसलने से एक युवक घायल हो गया। परिजनों का कहना है कि, घायल के इलाज पर करीब 10 हजार रुपये खर्च हुए हैं।

स्थानीय रहवासी हमजा ने बताया कि डेढ़ महीने से सीवरेज का काम चल रहा है। ठेकेदार कंपनी खुदाई के बाद सड़क की सही पैकिंग नहीं कर रही है। यह मारुति नगर का मुख्य रास्ता है, जहां से आसपास की दो-तीन कॉलोनियों के लोग आते-जाते हैं। हादसे के बाद कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
वहीं, नवलपुरा निवासी मोहम्मद रफीक ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण उनके परिवार की गाड़ी फिसल गई, जिससे एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने कहा कि एक जगह काम पूरा किए बिना दूसरी जगह खुदाई शुरू कर दी जाती है। सीवरेज लाइन चोक होने से गंदगी और मच्छरों की समस्या भी बढ़ रही है।
वहीं, दूसरी ओर, ठेकेदार कंपनी के साइट इंचार्ज राहुल त्यागी ने बताया कि ट्रैक्टर फंसने से पानी की लाइन टूट गई थी, जिसे ठीक कराया जा रहा है। बता दें पीछे के हिस्से में रिपेयरिंग का काम जारी है। जिसमें उन्होंने दावा किया कि मारुति नगर में बचा हुआ काम एक-दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा। अब सवाल यह है कि डेढ़ महीने से परेशान रहवासियों को कब तक राहत मिलेगी और सड़क की स्थायी मरम्मत कब होगी।
ये भी पढ़ें: https://www.rninews.co.in/jitu-patwari-attack-bjp-hardeep-singh-puri-epstein-case/