1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का 80 साल की उम्र में निधन, लंबे वक्त से चल रहे थे बीमार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का 80 साल की उम्र में निधन, लंबे वक्त से चल रहे थे बीमार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का 80 साल की उम्र में सोमवार यानी 13 सितंबर को निधन हो गया। वे लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और मंगलुरु के अस्पताल में भर्ती थे। आपको बता दें कि इस साल जुलाई में सुबह के वक्त योग करते हुए सिर में चोट की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनकी तबियत काफी बिगड़ गई थी।

By: Amit ranjan 
Updated:
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का 80 साल की उम्र में निधन, लंबे वक्त से चल रहे थे बीमार

नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस का 80 साल की उम्र में सोमवार यानी 13 सितंबर को निधन हो गया। वे लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और मंगलुरु के अस्पताल में भर्ती थे। आपको बता दें कि इस साल जुलाई में सुबह के वक्त योग करते हुए सिर में चोट की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनकी तबियत काफी बिगड़ गई थी।

आपको बता दें कि ऑस्कर फर्नांडिस यूपीए सरकार में सड़क एवं परिवहन, श्रम एवं रोजगार मंत्री भी रह चुके हैं। अभी भी वह राज्यसभा सांसद थे। उनकी गिनती राहुल गांधी और सोनिया गांधी के करीबियों में होती है। वह सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी ऑफ द ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन भी रहे हैं। ऑस्कर फंर्नांडिस एआईसीसी के महासचिव भी रहे हैं।

बता दें कि ऑस्कर फर्नांडिस का जन्म 27 मार्च 1941 को कर्नाटक के उडुप्पी में ही हुआ था। 1980 में कर्नाटक की उडप्पी लोकसभा सीट से वह सांसद चुने गए थे। उसके बाद 1996 तक यहां से लगातार जीतते आए। 1998 में कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा भेज दिया। तब से वह बतौर राज्यसभा सांसद ही संसद के सदस्य बने हुए थे।

 

कांग्रेस ने जताया शोक

ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर कांग्रेस पार्टी ने ट्विट करते हुए दुख जताया है। कांग्रेस ने कहा- “ऑस्कर फर्नांडिस के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है, उनके परिवार के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना है। एक कांग्रेस के दिग्गज, समावेशी भारत के लिए उनके दृष्टिकोण का हमारे समय की राजनीति पर उनका बहुत बड़ा प्रभाव था। कांग्रेस परिवार को उनके मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश की कमी खलेगी।”

 

कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने कहा

उनके निधन पर कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडीस के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। महान ज्ञान और दृढ़ संकल्प के व्यक्ति थे। वह कांग्रेस के सबसे दयालु और वफादार सैनिकों में से एक थे। ईश्वर नेक आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।

 

PM मोदी ने जताया दुख

ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा- राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडीस जी के निधन से दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

यूथ कांग्रेस ने व्यक्त किया दुख

यूथ कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक महान कांग्रेसी नेता को खो दिया। यूथ कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए कहा कि, वयोवृद्ध कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नांडीस जी के निधन के बारे में सुनकर हम व्यथित हैं। हमने एक महान कांग्रेसी को खो दिया है। यह हमारे लिए अपूरणीय क्षति है। दिवंगत आत्मा को शांति मिले। परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदना।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...