नागरिकता संशोधन कानून को लेकर दिल्ली में हिंसा एक बार फिर से भड़क उठी है, दिल्ली के जाफराबाद में सोमवार को हिंसा हुई। इसमें एक पुलिसकर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई है। हिंसा के मद्देनजर CBSE ने कल हिंसाग्रस्त इलाको में बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी है।
नागरिकता कानून और एनआरसी के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में सोमवार को जाफराबाद-मौजपुर में बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों को भी प्रदर्शनकारियों ने अपना शिकार बनाया, उपद्रवियों ने स्कूल ड्रेस में लौट रहे छात्रों को पकड़कर बुरी तरह पीटा। उपद्रवियों ने छात्रों को चिन्हित कर पीटा, हिंसा के बीच में फंसे छात्र खुद की जान बचाते नजर आए।
बताते चले कि, दिल्ली के जाफराबाद में सोमवार को नागरिकता कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन हुआ। दोपहर में सीएए समर्थकों और विरोधियों के बीच एक बार फिर झड़प हुई। इस दौरान गोकुलपुरी एसीपी कार्यालय में तैनात सिपाही रतन लाल की मौत हो गई, जबकि शाहदरा के डीसीपी अमित शर्मा को गंभीर चोट आई है। उन्हें पटपड़गंज के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों ओर से लगातार फायरिंग हुई, वहीं प्रदर्शनकारियों ने तीन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। चारों ओर से पत्थरबाजी हो रही है, प्रदर्शनकारियों ने कई दुकानों को आग लगाने की कोशिश भी की। प्रदर्शन में एक युवक के पैर में और एक पुलिसकर्मी को गोली लग गई। इसके अलावा मीडियाकर्मियों के द्वारा वीडियो बनाए जाने पर भी उपद्रवी हमला कर रहे हैं।