1. हिन्दी समाचार
  2. ताजा खबर
  3. राम जन्मभूमि- मंदिर निर्माण के लिए मिला पहला दान

राम जन्मभूमि- मंदिर निर्माण के लिए मिला पहला दान

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए संसद में पीएम नरेंद्र मोदी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का ऐलान कर दिया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में 15 सदस्य होंगे। इनमें 9 स्थायी और 6 नामित सदस्य होंगे। गठन के बाद ट्रस्ट को केंद्र सरकार की ओर से 1 रुपये का नकद दान भी मिला गया है। यह श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मिलने वाला सबसे पहला दान बताया जा रहा है।

केंद्र सरकार ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए गठित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 1 रुपया नकद दान दिया ताकि मंदिर का निर्माण कार्य शुरू कर सके। केंद्र सरकार की ओर से यह दान ट्रस्ट को गृह मंत्रालय में अवर सचिव डी. मुर्मू ने दिया। अधिकारी ने बताया कि ट्रस्ट अचल संपत्ति सहित बिना किसी शर्त के किसी भी व्यक्ति से किसी भी रूप में दान, अनुदान, अंशदान, योगदान ले सकता है।

बताते चले कि, सुप्रीम कोर्ट में रामलला विराजमान की पैरवी करने वाले सीनियर एडवोकेट केशवन अय्यंगार परासरण ट्रस्ट में होंगे। ट्रस्ट में जगतगुरु शंकराचार्य, जगतगुरु माधवानंद स्वामी, युगपुरुष परमानंद जी महाराज का नाम भी सदस्यों में होंगे। इसके अलावा पुणे के गोविंद देव गिरि, अयोध्या के डॉक्टर अनिल मिश्रा, कामेश्वर चौपाल और निर्मोही अखाड़ा के धीरेंद्र दास का नाम भी शामिल है।

शुरुआत में तो ट्रस्ट वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरण के आवास से कार्य करेगा, लेकिन बाद में इसका स्थायी कार्यालय खोला जाएगा। इस ट्रस्ट के पास राम मंदिर निर्माण और इससे जुड़े विषयों पर स्वतंत्र रूप से निर्णय करने के अधिकार होंगे। ट्रस्ट का पंजीकृत कार्यालय दिल्ली में होगा।

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में मंजूरी के कुछ देर बाद पीएम मोदी ने राम मंदिर निर्माण की ‘वृहद योजना’ और इसके लिए ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ नामक ट्रस्ट के गठन की लोकसभा में सूचना दी। पीएम मोदी ने कहा कि मंत्रिमंडल का निर्णय राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में गत 9 नवंबर को उच्चतम न्यायालय द्वारा दिए गए फैसले के अनुरूप हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...