नई दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को बंद (लॉक) करने के करीब एक सप्ताह बाद इस माइक्रोब्लॉगिंग प्लैटफॉर्म ट्विटर ने शनिवार को खोल दिया है। साथ ही दूसरे कांग्रेसी नेताओं की ट्विटर आईडी भी अनलॉक हो गई है। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि राहुल गांधी के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अकाउंट भी खुल गए हैं।
राहुल गांधी ने लगाया था आरोप
राहुल गांधी ने अपना ट्विटर अकाउंट बंद किए जाने को लेकर खड़े हुए विवाद की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को ट्विटर पर जमकर निशाना साधा था और आरोप लगाया था कि यह अमेरिकी कंपनी भारत की राजनीतिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रही है और लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला कर रही है। उन्होंने यह दावा भी किया था कि ट्विटर पक्षपातपूर्ण है और वह सरकार के कहे मुताबिक काम कर रहा है।
नियमों के तहत उठाए गए थे कदम
गौरतलब है कि ट्विटर ने राहुल गांधी, कांग्रेस और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर अकाउंट बंद कर दिए थे। कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में कथित दुष्कर्म और हत्या की पीड़िता 9 वर्षीय बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का ट्विटर अकाउंट बंद किया गया था। ट्विटर ने कहा था कि उसने ये कदम नियमों के तहत उठाए हैं।
कांग्रेस के कई नेताओं के लॉक किए गए थे ट्विटर
आपको बता दें कि कांग्रेस ने गुरुवार को कहा था कि उसके कई नेताओं के ट्विटर अकाउंट को इस माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर ने बंद (लॉक) कर दिया है, हालांकि ट्विटर ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर ये कदम उठाया गया है। कांग्रेस का कहना था कि उसके संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, महासचिव अजय माकन, जितेंद्र सिंह, सांसद मणिकम टैगोर, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव, प्रवक्ता पवन खेड़ा और कई अन्य नेताओं के ट्विटर अकाउंट लॉक किए गए हैं।