गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने अधीर पर तंज कसते हुए कहा था कि, मैं आपको जब देखता सुनता हूं, किरण रिजिजू को बधाई देता हूं। आप फिट इंडिया मूवमेंट का अच्छे से प्रचार कर रहे हैं। अब अधीर रंजन ने कश्मीर को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने कश्मीर को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, सरकार कश्मीर पर इस तरह से शासन नहीं कर सकती। दरअसल, गुरुवार रात को जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबुबा मुफ्ती पर जन सुरक्षा कानून (PSA) लगा दिया गया। PSA लागू होने के बाद अब इन दोनों नेताओं को बिना किसी मुकदमे दो साल तक हिरासत में रखा जा सकता है।
आज सुबह अधीर रंजना ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल ही संसद में उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती के बारे में टिप्पणी की और रात में उन पर पब्लिक सेफ्टी ऐक्ट लगा दिया गया। आप कश्मीर पर इस तरह राज नहीं कर सकते। कश्मीर भौगोलिक तौर पर तो हमारा है लेकिन भावनात्मक रूप से नहीं।