1. हिन्दी समाचार
  2. Health
  3. ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिकल सेल उन्मूलन मिशन की प्रदर्शनी का किया अवलोकन

ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिकल सेल उन्मूलन मिशन की प्रदर्शनी का किया अवलोकन

विश्व सिकल सेल दिवस पर ओंकारेश्वर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदेश के प्रयासों की सराहना की।

By: BS Yadav 
Updated:
ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिकल सेल उन्मूलन मिशन की प्रदर्शनी का किया अवलोकन

खंडवा: विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 के अंतर्गत लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश में सिकल सेल रोग की रोकथाम, जांच, उपचार और जनजागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी तथा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में दिखाई गई सिकल सेल उन्मूलन की रणनीति

प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, जनजातीय कार्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सिकल सेल उन्मूलन मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई।इस दौरान राष्ट्रपति ने सिकल सेल स्क्रीनिंग अभियान, जेनेटिक काउंसिलिंग, निःशुल्क उपचार सेवाएं, मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा जागरूकता कार्यक्रमों से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर मिशन के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी भी ली।

महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को सराहा

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, वन स्टॉप सेंटर, पोषण आहार कार्यक्रम और महिला हेल्पलाइन-181 जैसी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।

सिकल सेल मित्रों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने सिकल सेल मित्रों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए जागरूकता अभियान में योगदान देने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।इस अवसर पर राष्ट्रपति ने सभी के साथ समूह फोटो भी खिंचवाया।

2047 तक सिकल सेल उन्मूलन का लक्ष्य

कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्ष 2047 तक सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि सिकल सेल एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं सामान्य गोल आकार के बजाय हंसिए (सिकल) के आकार की हो जाती हैं।इस स्थिति में शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह प्रभावित होता है और मरीज को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

जागरूकता, जांच और उपचार पर विशेष फोकस

अधिकारियों ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सिकल सेल रोग की पहचान, समय पर जांच, उपचार और जनजागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं। विशेष रूप से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में स्क्रीनिंग और परामर्श सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है।विश्व सिकल सेल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम सिकल सेल मुक्त भारत और सिकल सेल मुक्त मध्यप्रदेश के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...