बुरहानपुर जिले की ग्राम पंचायत हैदरपुर में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। गांव में जगह-जगह फैली गंदगी और ओवरफ्लो नालियों ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कों पर बहते गंदे पानी के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि जिम्मेदार पंचायत प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में काफी समय से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है। नतीजतन नाले गंदगी से भर चुके हैं और पानी सड़कों पर फैल रहा है। स्थानीय निवासी मनोहर पाटिल ने आरोप लगाया कि सरपंच और सचिव को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीण एकनाथ सोलंकी के मुताबिक गांव का मुख्य नाला हमेशा भरा रहता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद पंचायत प्रशासन द्वारा समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है।
गांव की बिगड़ती स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार स्वच्छता अभियान को बढ़ावा दे रही हैं, लेकिन हैदरपुर पंचायत में इस अभियान की अनदेखी हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी स्वच्छता व्यवस्था सुधारने में पूरी तरह असफल साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पंचायत विभाग से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई और गांव में नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गंदगी, बीमारियों और सड़क हादसों से राहत मिल सके।