बलिया: त्योहार पर पुरानी परम्परा को जीवंत रखने व हस्तशिल्प से जुड़ी वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आफिसर्स क्लब में दीया-बाती प्रदर्शनी लगाई गई।
13 नवम्बर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी का शुभारम्भ आकांक्षा समिति की अध्यक्षा पूनम शाही ने किया। इस प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की गयी तरह-तरह की घरेलू सामग्रियों का स्टॉल भी लगाया, जिसकी खरीद वहां मौजूद लोगों ने बड़े उत्साह से किया।
अपने सम्बोधन में श्रीमती शाही ने कहा कि प्रकृति हमें समय-समय पर सचेत करती है कि अब संभल जाएं। कोरोना का कहर इसका ताजा उदाहरण है। आज यह जरूरी हो गया है कि हम अपनी पुरानी परम्पराओं को लेकर चलें।
हम सब संकल्प लें कि इस बार दीवाली त्योहार को परम्परागत व मूल स्वरूप में ही मनाएं। कहते हैं कि एक व्यक्ति से परिवार, परिवार से समाज व समाज से एक देश का निर्माण होता है। इसलिए हर कोई स्वयं के स्तर से शुरूआत करें।
कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की सदस्या शीला यादव व सीमा यादव ने भी अच्छाई की जीत के उत्साह वाले इस त्योहार पर मिट्टी के दिए जलाने का आवाह्न किया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमे जिलाधिकारी समेत अन्य अतिथियों ने प्रतिभाग किया।
इसका उद्देश्य महिला सुरक्षा व बालिका शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना था। इस अवसर पर सीडीओ विपिन जैन, एसडीएम सदर राजेश यादव, डिप्टी कलेक्टर सीमा पाण्डेय व सर्वेश यादव, बीएसए शिवनारायण सिंह, उपायुक्त उद्योग राजीव पाठक समेत अन्य अधिकारी व आम लोग मौजूद थे।