1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर में 2020 बैच का दबदबा, चार IAS संभालेंगे विकास के मोर्चे

गोरखपुर में 2020 बैच का दबदबा, चार IAS संभालेंगे विकास के मोर्चे

गोरखपुर में 2020 बैच के चार IAS अधिकारियों को GDA, नगर निगम, GIDA और CDO की जिम्मेदारी मिली है। यहां जानिए चारों अधिकारियों के सामने विकास की क्या चुनौतियां हैं और कैसे बदलेगी गोरखपुर की तस्वीर।

By: Aparna Panwar 
Updated:
गोरखपुर में 2020 बैच का दबदबा, चार IAS संभालेंगे विकास के मोर्चे

Uttar Pradesh News: गोरखपुर में विकास की कमान अब एक दिलचस्प प्रशासनिक समीकरण के इर्द-गिर्द चर्चा में है, एक ही 2020 बैच के चार युवा IAS अधिकारी और चारों के कंधों पर जिले के विकास की चार बड़ी जिम्मेदारियां GDA की जिम्मेदारी अभिनव गोपाल के पास है, नगर निगम की कमान अजय जैन संभाल रहे हैं, GIDA का नेतृत्व विशाल कुमार कर रहे हैं जबकि 14 नवंबर को हुए प्रशासनिक फेरबदल में अभिषेक कुमार को गोरखपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। यानी शहर के सुनियोजित विस्तार से लेकर नागरिक सुविधाओं, औद्योगिक निवेश और ग्रामीण विकास तक चारों अधिकारियों के फैसलों का सीधा असर गोरखपुर की तस्वीर पर पड़ने वाला है। लेकिन इस पूरे प्रशासनिक समीकरण में सबसे बड़ा सवाल अधिकारियों के बैच का नहीं बल्कि उनके बीच बेहतर तालमेल और कामकाज का है। क्योंकि गोरखपुर को सिर्फ नई योजनाओं की घोषणा नहीं बल्कि जमीन पर पूरा होता विकास चाहिए।

1099 करोड़ से ज्यादा का बजट तीन नई टाउनशिप को मंजूरी, विस्तारित क्षेत्र की समस्याएं भी चुनौती

GDA की चुनौती सबसे पहले बात गोरखपुर विकास प्राधिकरण यानी GDA की शहर का विस्तार, आवासीय योजनाएं, नई टाउनशिप, भूमि उपयोग और सुनियोजित शहरी विकास ये सभी GDA की जिम्मेदारी के अहम हिस्से हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए GDA का 1099 करोड़ रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत हुआ है। वहीं, तीन नई निजी टाउनशिप परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली है। लेकिन विकास की इन योजनाओं के बीच एक बड़ी चुनौती विस्तारित क्षेत्र की भी है। लगभग 177 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र की महायोजना तैयार करने का मामला चर्चा में रहा है। इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों के सामने भवन मानचित्र स्वीकृति और नियोजित विकास से जुड़ी समस्याएं भी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में GDA के सामने चुनौती सिर्फ नई टाउनशिप विकसित करने की नहीं बल्कि पुराने और विस्तारित क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करने की भी है। अब सवाल है कि नई योजनाओं के साथ आम लोगों की समस्याओं का निस्तारण कितनी तेजी से होगा?

शहर का विस्तार GDA करेगा नागरिक सुविधाओं की जिम्मेदारी नगर निगम की, दोनों में तालमेल जरूरी

नगर निगम की जवाबदेही दूसरी बड़ी जिम्मेदारी नगर निगम की है। शहर की साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और जलभराव ये ऐसे मुद्दे हैं, जिनसे शहर का हर नागरिक सीधे प्रभावित होता है। नगर निगम के पास शिकायतों के निस्तारण के लिए 1533 हेल्पलाइन और ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाएं हैं। लेकिन असली परीक्षा इन व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की है।शिकायत दर्ज होने के बाद उसका समाधान कितने समय में होता है?सड़क का निर्माण हो तो जलनिकासी की व्यवस्था कौन सुनिश्चित करेगा? GDA की नई कॉलोनियों में नागरिक सुविधाओं का हस्तांतरण और रखरखाव कौन संभालेगा?दरअसल, ये ऐसे सवाल हैं, जहां GDA और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी हो जाता है। क्योंकि शहर का विस्तार अगर तेजी से होगा तो उसके साथ सड़क, सफाई, पानी और जलनिकासी जैसी सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी होगा।

218 करोड़ से ज्यादा का निवेश 1650 से अधिक संभावित रोजगार, अब धरातल पर उतारने की चुनौती

GIDA और रोजगार की चुनौती तीसरी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी GIDA की, औद्योगिक निवेश, फैक्ट्रियों की स्थापना, उद्यमियों को सुविधाएं और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर गोरखपुर की आर्थिक तस्वीर बदलने में GIDA की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। अप्रैल 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, GIDA में 34 औद्योगिक इकाइयों को भूखंड आवंटन के साथ 218 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और 1650 से ज्यादा संभावित रोजगार अवसरों की जानकारी सामने आई थी। लेकिन निवेश का वास्तविक लाभ तभी दिखाई देगा, जब उद्योग समय से स्थापित हों उत्पादन शुरू हो बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले। इसके लिए सिर्फ औद्योगिक भूखंड आवंटित करना पर्याप्त नहीं है। औद्योगिक क्षेत्र के साथ बेहतर सड़क, आवास, परिवहन और नागरिक सुविधाओं का विकास भी जरूरी है। यानी GIDA की योजनाओं की सफलता भी दूसरे विभागों के साथ बेहतर तालमेल पर निर्भर करेगी।

शहर के साथ गांवों के विकास की जिम्मेदारी नए CDO अभिषेक कुमार के सामने बड़ी चुनौती

ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी और चौथी बड़ी जिम्मेदारी है मुख्य विकास अधिकारी यानी CDO कार्यालय की। 14 नवंबर को हुए प्रशासनिक फेरबदल में अभिषेक कुमार को गोरखपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। गांवों में सड़क, आवास, पेयजल,स्वच्छता, रोजगार, स्वयं सहायता समूह और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना CDO कार्यालय की अहम जिम्मेदारी है। इसके साथ ही ग्रामीण विकास की योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि गोरखपुर का विकास सिर्फ शहर की सीमा तक सीमित नहीं हो सकता। ग्रामीण क्षेत्रों का विकास, औद्योगिक क्षेत्रों से उनका जुड़ाव और बेहतर आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी उतनी ही जरूरी है। ऐसे में नए CDO अभिषेक कुमार के सामने चुनौती होगी कि ग्रामीण विकास की योजनाएं कागजों से निकलकर धरातल पर उतरें और उनका लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे।

चार IAS चार विभाग क्या साझा विकास कार्ययोजना से बदलेगी गोरखपुर की तस्वीर?

सबसे बड़ा सवाल, तालमेल और जवाबदेही अब जरा इन चारों अधिकारियों और चारों विभागों की जिम्मेदारियों को एक साथ समझिए। GDA शहर का विस्तार करेगा नगर निगम नागरिक सुविधाएं संभालेगा GIDA उद्योग और निवेश को बढ़ावा देगा जबकि CDO कार्यालय ग्रामीण विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाएगा।लेकिन इन सभी विभागों की जिम्मेदारियां कहीं न कहीं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। शहर में नई टाउनशिप विकसित होगी तो सड़क, पानी और जलनिकासी की व्यवस्था भी चाहिए। औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार होगा तो वहां तक बेहतर सड़क और परिवहन की सुविधा भी जरूरी होगी। ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होगा तो उन्हें शहर और औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ने के लिए बेहतर संपर्क मार्ग भी चाहिए। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या इन चारों विभागों के बीच कोई साझा विकास कार्ययोजना तैयार होगी? क्या सड़क, जलनिकासी, आवास, औद्योगिक क्षेत्र और ग्रामीण संपर्क मार्गों की योजनाओं को एक-दूसरे से जोड़कर देखा जाएगा? क्या हर परियोजना की समयसीमा तय होगी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी जनता के सामने होगी? और सबसे अहम सवाल यदि किसी परियोजना में देरी होती है या दो विभागों के बीच समन्वय की कमी सामने आती है, तो जवाबदेही किसकी तय होगी?

एक ही बैच के चार IAS गोरखपुर के विकास की चार बड़ी जिम्मेदारियां

एक ही 2020 बैच के चार युवा IAS अधिकारियों की गोरखपुर में तैनाती निश्चित रूप से एक दिलचस्प प्रशासनिक समीकरण है। लेकिन गोरखपुर की जनता के लिए अधिकारियों का बैच नहीं उनके काम का परिणाम मायने रखता है। शहर को जलभराव से राहत चाहिए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं चाहिए उद्योगों को मजबूत आधारभूत ढांचा चाहिए युवाओं को रोजगार चाहिए और गांवों को विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ चाहिए। इसके लिए जरूरत सिर्फ चार अलग-अलग विभागों में काम करने की नहीं बल्कि एक साझा विकास दृष्टि के साथ आगे बढ़ने की है। क्योंकि गोरखपुर का विकास तभी रफ्तार पकड़ेगा, जब चारों विभागों की योजनाएं एक-दूसरे की पूरक बनेंगी और हर स्तर पर जवाबदेही तय होगी। चार अधिकारी चार जिम्मेदारियां लेकिन लक्ष्य एक विकसित गोरखपुर, अब देखना होगा कि इन चारों युवा IAS अधिकारियों का प्रशासनिक तालमेल गोरखपुर के विकास की रफ्तार बढ़ाता है या विभागीय सीमाएं ही विकास की चुनौती बनती हैं।

ये भी पढ़ें: भोपाल में नकुलनाथ की बढ़ी सक्रियता, कांग्रेस में हुई हलचल तेज

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...