सीहोर जिले के बुधनी में प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण देखने को मिला, जहां ब्रेन हेमरेज से पीड़ित 83 वर्षीय बुजुर्ग को बेहतर उपचार के लिए एयर एंबुलेंस के माध्यम से नागपुर भेजा गया। गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
नर्मदापुरम जिले के ग्राम रसूलिया निवासी रामगोपाल टोकसे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर के निर्देश पर बुधनी स्थित ट्रायडेंट हेलीपैड पर सभी तैयारियां पूरी की गईं और सुबह मरीज को एयर एंबुलेंस से नागपुर रवाना किया गया।
नागपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में बुजुर्ग का उपचार किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में एयर एंबुलेंस सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से गंभीर रूप से बीमार मरीजों को त्वरित और निःशुल्क चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी समय पर उच्चस्तरीय उपचार मिल रहा है।