1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. चक्रवात ‘ताउते’ को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, मृतक के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद

चक्रवात ‘ताउते’ को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, मृतक के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद

By: Amit ranjan 
Updated:
चक्रवात ‘ताउते’ को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, मृतक के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद

नई दिल्ली : अरब सागर में उठे चक्रवात ‘ताउते’ का असर महाराष्ट्र, गुजरात समेत कई प्रदेशों में देखने को मिला। जिसमें सबसे अधिक नुकसान महाराष्ट्र और गुजरात को हुआ। ‘ताउते’ के इसी नुकसान का जायजा लेने के लिए पीएम मोदी ने बुधवार को गुजरात और केंद्र शासित क्षेत्र दीव के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात ‘ताउते’ की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे।

आपको बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और ओएनजीसी बार्ज पर कर्मियों को बचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक गुजरात में चक्रवात ताउते के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 45 हो गई है। वहीं महाराष्ट्र में छह से अधिक लोगों की मौत हुई है। बता दें कि इस बैठक में पीएम मोदी ने सभी राज्यों में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रूपये देने का ऐलान किया है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों के साथ भारत सरकार पूरी एकजुटता के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। चक्रवात के कारण गिर सोमनाथ जिले के दीव और उना शहर के बीच सोमवार को जल भराव की स्थिति बन गई थी और इससे संपत्ति को भी खासा नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र में पेड़ भी बड़ी संख्या में गिर गए हैं। गुजरात में चक्रवाती तूफान के कारण तटीय इलाकों में भारी नुकसान हुआ, बिजली के खंभे व पेड़ उखड़ गए और कई घरों व सड़कों को भी नुकसान पहुंचा। इस दौरान हुई घटनाओं में करीब 13 लोगों की मौत भी हुई है।

चक्रवाती तूफान के कारण 200 से अधिक तालुकाओं में बारिश हुई। एहतियाती तौर पर राज्य सरकार ने पहले ही दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था। मौसम विभाग ने कहा कि ताउते गुजरात के तट से ”बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान” के तौर पर आधी रात के करीब गुजरा और धीरे-धीरे कमजोर होकर ”गंभीर चक्रवाती तूफान” और बाद में और कमजोर होकर अब ”चक्रवाती तूफान” में बदल गया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...