1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. नए मंत्रियों के साथ PM मोदी करेंगे ताबड़तोड़ बैठक, कुछ दिग्गज नेता नहीं देंगे दिखाई

नए मंत्रियों के साथ PM मोदी करेंगे ताबड़तोड़ बैठक, कुछ दिग्गज नेता नहीं देंगे दिखाई

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
नए मंत्रियों के साथ PM मोदी करेंगे ताबड़तोड़ बैठक, कुछ दिग्गज नेता नहीं देंगे दिखाई

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

नई दिल्ली: पीएम मोदी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल का बुधवार को विस्तार किया गया है। दूसरे कार्यकाल में हुए पहले कैबिनेट विस्तार में 43 नेताओं को कैबिनेट मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इसमें सात नाम उत्तर प्रदेश से हैं। कहा जा रहा है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में आगामीं विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब बैठकों का दौर भी चलने वाला है।  

आपको बता दें मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों के साथ गुरुवार को पीएम मोदी ताबड़तोड़ बैठक करने वाले हैं। पीएम मोदी द्वारा मंत्रीपरिषद के विस्तार और फेरबदल के एक दिन बाद आज गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल और मंत्रीपरिषद की अलग-अलग बैठक होने की उम्मीद है। सूत्रों की मानें तो बैक-टू-बैक केंद्रीय कैबिनेट और मंत्रीपरिषद की बैठकें होंगी। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक जहां शाम 5 बजे होने की संभावना है, वहीं मंत्रिपरिषद की बैठक शाम 7 बजे हो सकती है।

गुरुवार को होने वाली बैठक में कई नामी चेहरे गायब रहेंगे, जो बीते कुछ समय से अक्सर कैबिनेट से लेकर मंत्रीपरिषद की बैठकों में दिखा करते थे। इनमें रविशंकर प्रसाद,प्रकाश जावडेकर,रमेश पोखरियाल निशंक, संतोष गंगवार, हर्षवर्धन जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं, जो बैठक में अब नहीं दिखाई देंगे। कैबिनेट विस्तार के दौरान कई नए नाम शामिल किए गए, तो वहीं कई मंत्रियों के विभाग को बदला गया। आपको बता दें कि 2019 में मोदी सरकार के दूसरी बार सत्ता में आने के बाद इस तरह की पहली कवायद हुई है, जब कैबिनेट का विस्तार और फेरबदल हुआ है।

कैबिनेट विस्तार के दौरान पीएम मोदी ने कई मंत्रियों का प्रमोशन किया है। इसमें मनसुख मंडाविया को स्वास्थ्य मंत्री, किरेन रिजिजू को कानून मंत्री, धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री और ज्योतिरादित्य सिंधिया को नागरिक उड्डयन मंत्री बनाया गया है। इस कैबिनेट विस्तार और फेरबदल में 15 कैबिनेट मंत्रियों और कई राज्य मंत्रियों को शामिल किया गया। राज्य के सात मंत्रियों को कैबिनेट रैंक में पदोन्नत किया गया है।

पीएम मोदी की मंत्रीपरिषद का आकार अब बड़ा हो गया है। इसमें 36 नए चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि सात वर्तमान राज्यमंत्रियों को प्रमोट कर मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। आठ नए चेहरों को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सभी 43 सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन सभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...