1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. यदुपति सिंघानिया की जयंती पर जेके सीमेंट का जनसेवा अभियान, 450 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

यदुपति सिंघानिया की जयंती पर जेके सीमेंट का जनसेवा अभियान, 450 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

पन्ना में स्वर्गीय यदुपति सिंघानिया की जयंती पर जेके सीमेंट ने स्वास्थ्य शिविर, चश्मा वितरण, रक्तदान, पौधरोपण और गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किए। शिविर में 450 से अधिक लोगों की जांच हुई, 150 से ज्यादा जरूरतमंदों को चश्मे मिले और 80 यूनिट रक्तदान किया गया।

By: Nivedita 
Updated:
यदुपति सिंघानिया की जयंती पर जेके सीमेंट का जनसेवा अभियान, 450 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

पन्ना:  जेके सीमेंट के संस्थापक स्वर्गीय यदुपति सिंघानिया की जयंती के अवसर पर कंपनी की ओर से पन्ना में जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, चश्मा वितरण, स्वैच्छिक रक्तदान, पौधरोपण और गौसेवा जैसी गतिविधियां हुईं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को बढ़ावा देना रहा।

स्वास्थ्य शिविर में 450 से अधिक लोगों की जांच

शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। 450 से अधिक लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। मरीजों की जांच के बाद जरूरत के अनुसार उन्हें नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।स्वास्थ्य शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, मूत्र रोग, शिशु रोग, त्वचा रोग और सामान्य चिकित्सा से जुड़े विशेषज्ञों ने सेवाएं दीं।

वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों ने लिया जायजा

कार्यक्रम में जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता तथा सिमरिया और अमानगंज के ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े इस प्रयास की सराहना की।

150 से अधिक बुजुर्गों और जरूरतमंदों को मिले चश्मे

स्वास्थ्य शिविर के दौरान नेत्र परीक्षण भी किया गया। दृष्टि संबंधी समस्या वाले 150 से अधिक बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को जांच के बाद नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर दृष्टि सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनकी दैनिक गतिविधियों को आसान बनाना रहा।

रक्तदान शिविर में 80 यूनिट रक्त एकत्र

कार्यक्रम के तहत आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में जेके सीमेंट के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ महिलाओं ने भी भाग लिया। शिविर में कुल 80 यूनिट रक्तदान किया गया। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को आयोजन की खास विशेषताओं में शामिल किया गया। रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए योगदान दिया।

 

पर्यावरण संरक्षण के लिए किया गया पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर पौधों के संरक्षण और पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी लिया गया। आयोजकों ने पौधरोपण को पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने से जोड़ा।

पवई की गौशाला में की गई गौसेवा

सामाजिक सेवा कार्यक्रम के तहत जेके सीमेंट प्रबंधन और कर्मचारियों ने पवई स्थित स्थानीय गौशाला में भी सेवा कार्य किया। गौशाला में गायों के लिए हरा चारा और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया।

प्रबंधन ने दोहराई सामाजिक जिम्मेदारी की प्रतिबद्धता

जेके सीमेंट के यूनिट हेड, एचआर प्रमुख, कमर्शियल हेड, टेक्निकल हेड और माइंस हेड ने कहा कि स्वर्गीय यदुपति सिंघानिया के सामाजिक सरोकारों से प्रेरणा लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्य जारी रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच, रक्तदान, पौधरोपण और गौसेवा जैसे कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का माध्यम हैं।

स्थानीय लोगों ने पहल की सराहना की

कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने जरूरतमंदों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर और अन्य जनसेवा गतिविधियों की सराहना की तथा भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।

 

रिपोर्ट – राजेश रावत 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...