पन्ना, मध्य प्रदेश। जेके सीमेंट के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक स्वर्गीय यदुपति सिंघानिया की 73वीं जयंती के अवसर पर कंपनी की ओर से सप्ताहभर चलने वाले सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इसी क्रम में पन्ना स्थित जेके सीमेंट परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की आंखों की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। जांच के दौरान जिन लोगों को चश्मे की जरूरत पाई गई, उन्हें संस्थान की ओर से निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
जेके सीमेंट प्रबंधन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य आसपास के लोगों को उनके क्षेत्र के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कंपनी की ओर से सप्ताहभर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के जरिए जरूरतमंद लोगों तक जनसेवा से जुड़ी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जेके सीमेंट के यूनिट हेड और एचआर प्रमुख ने बताया कि संस्थान ‘स्वस्थ समाज, सशक्त भविष्य की ओर एक मजबूत कदम’ की सोच के साथ सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए स्वर्गीय यदुपति सिंघानिया के समाजसेवा से जुड़े विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 29 सितंबर को जेके सीमेंट परिसर, पन्ना में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के साथ आम नागरिकों को भी स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को चिकित्सा परामर्श और दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
जेके सीमेंट की ओर से बताया गया कि स्वर्गीय यदुपति सिंघानिया की 73वीं जयंती के अवसर पर आयोजित सेवा अभियान के तहत सप्ताहभर अलग-अलग सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनसेवा सुविधाओं से जोड़ना और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है।
रिपोर्ट – राजेश रावत