रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: आधार कार्ड अब मुख्य पहचान पत्र के तौर पर प्रयोग किया जाने लगा है। 12 अंको का आधार नंबर अब किसी भी व्यक्ति के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज हो गया है। आधार कार्ड का उपयोग ना सिर्फ पहचान दस्तावेज के रूप में होता है, बल्कि यह कई सरकारी और निजी कार्यों में भी आवश्यक होता है। आधार कार्ड में एक छोटी सी गलती आपके सामने बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है।
आधार कार्ड में छपी जानकारी में किसी भी सुधार के लिए व्यक्ति को आधार सेवा केंद्र पर जाना होता है। हालांकि, सरकार सेल्फ सर्विस अपडेट पोर्टल के माध्यम से आधार कार्डधारकों को ऑनलाइन ही नाम, जन्मतिथि, पता और लिंग आदि जानकारियों को अपडेट करने की सुविधा दे रही है।
आपको बता दें कि हाल ही में UIDAI ने ट्वीट कर बताया था कि आधार कार्डधारक सेल्फ सर्विस अपडेट पोर्टल (SSUP) के माध्यम से ऑनलाइन ही आधार में अपडेट कर सकते हैं। यूआईडीएआई ने बताया कि आधार में नाम, लिंग, जन्मतिथि और पता अपडेट करने के लिए https://ssup.uidai.gov.in/ssup/ पोर्टल पर जा कर अपनी गलती की सुधार कर सकते हैं।
इसके साथ ही परिवार के मुखिया या अभिभावक का विवरण अथवा बायोमेट्रिक अपडेट जैसे दूसरे अपडेट्स के लिए आपको आधार सेवा केंद्र या नामांकन/अपडेट केंद्र पर जाना होगा। बता दें कि एक आधार कार्डधारक अपना नाम जीवन में दो बार बदल सकता है। वहीं, लिंग और जन्मतिथि को जीवन में एक बार बदला जा सकता है।
इसके साथ ही आधार में ऑनलाइन अपनी जानकारी अपडेट करने के लिए कार्डधारक का मोबाइल नंबर आधार के साथ लिंक अवश्य होना चाहिए। पोर्टल पर प्रॉसेस के दौरान आपको रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आधार प्रमाणीकरण के लिए ओटीपी प्राप्त होगा। यदि आपने आधार के लिए नामांकन करते समय अपना मोबाइल नंबर पंजीकृत नहीं किया है, तो आपको इसे पंजीकृत कराने के लिए स्थायी नामांकन केंद्र पर जाना होगा।
इसके अलावा अगर आप अपने आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि या पता बदलना चाहते हैं, तो आपको सत्यापन के लिए प्रत्येक प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी सबमिट करनी होगी। लेकिन जेंडर अपडेट के लिए किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं है।
इसके बाद आपको ऑनलाइन एड्रेस अपडेट अनुरोध को सफलतापूर्वक सबमिट करने पर, आपको एक अपडेट रिक्वेस्ट नंबर (यूआरएन) प्राप्त होता है। यह स्क्रीन पर दिखाया जाता है और आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजा जाता है। आपको अपने आधार अपडेट की स्थिति को ट्रैक करने के लिए https://ssup.uidai.gov.in/checkSSUPSstatus/checkupdatestatus पर जाकर URN व अपना आधार नंबर दर्ज करना होगा।
सेल्फ सर्विस अपडेट पोर्टल के जरिए आधार कार्ड में नाम, पता जन्मतिथि व लिंग की जानकारी अपडेट करना निशुल्क नहीं है। इस सुविधा के लिए शुल्क लगता है। यूआईडीएआई ग्राहक से प्रत्येक अपडेट रिक्वेस्ट के लिए 50 रुपये शुल्क लेता है।